रतलाम/शिवपुर में नवीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर से ग्रामीणों को मिली बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

  
Last Updated:  सितम्बर 8, 2026 " 03:14 अपराह्न"

Ratlam:कलेक्टर की पहल से 24×7 स्वास्थ्य सेवाएं शुरू, प्रसव सुविधा भी उपलब्ध

रतलाम(स्पष्ट खबर)। रतलाम शहर से लगभग 12 किलोमीटर दूर ग्राम शिवपुर में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में अब ग्रामीणों को बेहतर एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगी हैं। लगभग 2 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस नवीन भवन में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ होने से शिवपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिली है।

नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन तैयार होने के बाद स्थानीय कारणों से यहां स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ नहीं हो पा रही थीं। ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ रहा था। स्थिति की जानकारी मिलने पर कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नवीन भवन में तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने केंद्र पर 24×7 स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सभी आवश्यक उपकरण एवं संसाधनों को नवीन भवन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर के निर्देशों के तत्काल पालन के बाद नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ कर दी गईं। वर्तमान में केंद्र पर महिला चिकित्सक एवं नर्सिंग ऑफिसर द्वारा निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके साथ ही दो एएनएम की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर लगाई गई है, जिससे केंद्र पर स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है।

नवीन स्वास्थ्य केंद्र में 6 बिस्तरों की सुविधा के साथ प्रसव सेवाएं भी उपलब्ध हो गई हैं। अब ग्रामीण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव एवं आवश्यक चिकित्सा देखभाल के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य केंद्र पर ही आवश्यक प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत

नवीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने से शिवपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हुई है। विशेष रूप से महिलाओं, गर्भवती माताओं और बच्चों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी।

 13 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *