रतलाम/स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन अभियान में तुरंत हेल्प डेस्क प्रारंभ करें
Last Updated: सितम्बर 12, 2026 " 05:16 अपराह्न"
Ratlam:17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, पात्र हितग्राहियों की नि:शुल्क होगी रजिस्ट्री
रतलाम (स्पष्ट खबर)। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने स्वामित्व अधिकार निष्पादन अभिलेख पंजीयन अभियान की तैयारियों कलेक्टर कार्यकाल सभागार में समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अभियान के लिए तत्काल हेल्प डेस्क प्रारंभ करें। अभियान में आने वाली किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए पटवारी एवं आरआई तत्काल 181 पर संपर्क करें।
कलेक्टर ने कहा कि अभियान का ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। गांवों में मुनादी करवाने के साथ पात्र भूमि स्वामियों को अभियान की जानकारी दी जाए। उन्होंने 17 सितंबर तक सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने, ड्यूटी लगाने तथा ई-केवाईसी के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सप्ताह में तीन दिवस ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने का शेड्यूल तैयार किया जाए। सरपंच, सचिव, पटवारी एवं रोजगार सहायक के साथ समन्वय कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को अभियान का लाभ दिलाया जाए।
17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
स्वामित्व अधिकार निष्पादन अभिलेख पंजीयन अभियान तीन चरणों में 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक संचालित होगा। अभियान के अंतर्गत लक्षित भूमि स्वामियों के अधिकार अभिलेखों का राज्य सरकार द्वारा नि:शुल्क पंजीयन कराया जाएगा। रजिस्ट्री के लिए पंचायत उपकर एवं अतिरिक्त स्टाम्प ड्यूटी में छूट का प्रावधान किया गया है।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने शिविरों में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा प्रतिदिन कम से कम 30 से 40 रजिस्ट्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत निष्पादित करने का लक्ष्य रखने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी एवं आरआई उपस्थित रहे।