शाजापुर में रेस्क्यू अभियान के प्रथम दिन लगभग 100 कृष्णमृगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया

  
Last Updated:  अक्टूबर 10, 2026 " 08:28 अपराह्न"

Shajapur में रेस्क्यू अभियान के प्रथम दिन लगभग 100 कृष्णमृगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया

शाजापुर (स्पष्ट खबर)।मध्यप्रदेश वन विभाग द्वारा दक्षिण अफ्रीका की कंजर्वेशन सॉल्यूशन टीम के सहयोग से शाजापुर जिले के चिन्हित क्षेत्रों में 09 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक कृष्णमृग एवं नीलगाय के रेस्क्यू एवं ट्रांसलोकेशन का अभियान संचालित किया जा रहा है।

उक्त अभियान के तहत शाजापुर जिले में कृष्णमृग एवं नीलगाय के रेस्क्यू एवं स्थानांतरण अभियान के प्रथम दिन हन्नूखेड़ी और पोलायकलां के खेतों से लगभग 100 कृष्णमृगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। यह अभियान वन्यजीवों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने और फसलों को होने वाले नुकसान की समस्या के समाधान की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दूरदर्शी पहल का हिस्सा है।

अभियान के दौरान ग्रामीणों ने उल्लेखनीय सहयोग और संयम दिखाया। उन्होंने खेतों में प्रवेश नहीं किया और कुत्तों को खुला नहीं छोड़ा। कालापीपल विधायक घनश्याम चन्द्रवंशी ने भी ग्रामीणों के साथ मौजूद रहे और उन्होंने स्थानांतरण के लिए रवाना किए जा रहे वाहनों को हरी झंडी दिखाई।

अभियान का मार्गदर्शन प्रमुख सचिव वन राघवेन्द्र कुमार सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख शुभांजन सेन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समिता राजौरा, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एल. कृष्णमूर्ति, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना तथा अभियान के नोडल अधिकारी एवं मुख्य वन संरक्षक डॉ. किरण बिसेन सहित अन्य अधिकारियों ने किया।

रेस्क्यू एवं ट्रांसलोकेशन अभियान की नोडल अधिकारी एवं मुख्य वन संरक्षक डॉ. किरण बिसेन ने बताया कि दिन में तापमान बढ़ने के कारण शेष रेस्क्यू कार्य पशु-कल्याण को प्राथमिकता देते हुए रोक दिया गया। अभियान 11 अक्टूबर को इसी स्थल पर पुनः जारी रहेगा।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि अभियान के दौरान खेतों से दूर रहें, पालतू कुत्तों को सुरक्षित रखें तथा अनावश्यक भीड़ न लगाएँ।

 30 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *