रतलाम/पुलिस अधीक्षक ने रात्रिकालीन गश्त एवं चेकिंग पॉइंट्स का किया आकस्मिक निरीक्षण
Last Updated: नवम्बर 15, 2026 " 02:48 अपराह्न"
Ratlam:शहर से लेकर हाईवे तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, गश्त में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए सतर्कता एवं सक्रियता के निर्देश
रतलाम(स्पष्ट खबर)।जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार द्वारा दिनांक 13-14 नवंबर 2026 की दरमियानी रात्रि में रात्रिकालीन गश्त एवं चेकिंग व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा गश्त एवं चेकिंग अधिकारी एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा से रात्रिकालीन ड्यूटी में तैनात पुलिस बल, ड्यूटी चार्ट तथा शहर एवं हाईवे पर गश्त कर रहे अधिकारियों-कर्मचारियों की जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने गश्त की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए सभी को सतर्कता एवं सक्रियता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने स्वयं शहर की गश्त व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान चांदनी चौक, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन क्षेत्र सहित शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। गश्त में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा नामली एवं धौंसवास क्षेत्र में ट्रक कटिंग की दृष्टि से संवेदनशील पॉइंट्स का निरीक्षण कर वहां तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि रात्रिकालीन गश्त एवं चेकिंग व्यवस्था को पूरी सतर्कता और प्रभावशीलता के साथ संचालित किया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखें, जिससे अपराधों की रोकथाम के साथ आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।
रतलाम पुलिस द्वारा रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने हेतु सतत निगरानी एवं आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे।