रतलाम: सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद गड्ढे में डुबोकर की बालिका की हत्या, तीन गिरफ्तार-

  
Last Updated:  सितम्बर 7, 2020 " 04:43 अपराह्न"

रतलाम:7 सितंबर,2020(स्पष्ट खबर)| पुलिस ने बिलपांक थाना क्षेत्र के एक गांव में साढ़े तेरह वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या करने के मामले की पुलिस ने 12 घंटे के भीतर गुत्थी सुलझा ली। इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उन्होंंने बताया कि वे बालिका का अपहरण कर खेत में ले गए थे, वहां तीनों ने उससे दुष्कर्म करने के बाद उसे पास में ही स्थित एक तालाब गड्ढे में डुबो-डुबोकर मार दिया। इसके बाद शव मक्का के खेत में छोड़कर भाग गए थे। गिरफ्तार तीनों युवक एक ही परिवार के होकर आपस में चचेरे भाई है।

एसपी गौरव तिवारी ने सोमवार दोपहर पत्रकारवार्ता में मामले का राजफाश करते हुए बताया कि बालिका 5 सितंबर की शाम सात बजे गांव में स्थित किराना दुकान पर सामान खरीदने गई थी, इसके बाद वह घर नहीं लौटी। आधे घंटे बाद स्वजन ने उसकी खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी।

पुलिस, स्वजन व ग्रामीणों ने रातभर उसे तलाश किया लेकिन उसका पता नहीं चला।

सुबह करीब सात बजे घर और किराना दुकान के बीच सड़क किनारे झाड़ियों में किराना दुकान से खरीदा सामान व बालिका की चप्पले मिली थी। आसपास तलाश करने पर कुछ ही दूर स्थित नाथूलाल के खेत में बालिका का शव पाया गया था। उसके ब्लाउज के बटन खुले हुए थे और मुंह से झाक निकल रहा था। इससे उसके साथ दुष्कर्म की आशंका व्यक्त की जा रही थी।

मामला सनसनीखेज व गंभीर होने से एएसपी (शहर) डॉ. इंद्रजीत बाकरवाल, एएसपी (ग्रामीण) सुनील पाटीदार, एसडीओपी मानसिंह चौहान के मार्गदर्शन व बिलपांक थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। साथ ही प्रकरण की उत्कृष्ठ जांच व वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करने के लिए टीम में एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल को भी शामिल किया गया।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपित 21 वर्षीय कालू निनामा पुत्र चेनसिंह निनामा, उसके चचेरे भाई 20 वर्षीय दीपला उर्फ दीपक पुत्र नाहरसिंह निनामा व 20 वर्षीय रवि पुत्र रामसिंह निनामा सभी निवासी ग्राम गुजरपाड़ा घटना वाली रात गांव की सड़क पर देखे गए थे। खोजबीन करने पर पता चला कि वे कहीं भाग गए है। अलग-अलग स्थानों पर दबिशें देकर कुछ ही घंटों में तीनों को गांव के समीप स्थित एक खेत से हिरालत में लिया गया।

एसपी के अनुसार आरोपितों को अलग-अलग कर घटनास्थल ले जाया गया और घटनास्थल की तस्दीक कर तीनों से पूछताछ की गई। तीनों ने बताया कि बालिका का सड़क से अपहरण कर पास में स्थित खेत में ले गए थे। वहां उससे दुष्कर्म करने के बाद उसे गड्ढे में कई बार डुबोया गया। अचैत होने पर उसे खेत में छोड़कर भाग गए थे। बालिका के मुंह से झाग निकल रहे थे, इससे लग रहा था कि उसकी हत्या जहर देकर या किसी अन्य प्रकार से की गई है।

पूछताछ में पता चला कि उसकी हत्या तालाब में डुबोकर की गई है। उसके लंग्स में भी पानी भरा पाया गया है। आरोपितों को पकड़़ने व मामले की गुत्थी सुलझाने वाली टीम में एसआई केसी मालवीय, सालाखेड़ी चौकी प्रभारी नागेश यादव, एसआई अनुराग यादव, एएसअाइ गिरधारीलाल परमार, आरक्षक नीरज त्यागी, राजू मईड़ा आदि शामिल थे। टीम को दस हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

 2,913 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *