कमलनाथ से मुलाकात के बाद अफसर का इस्तीफा, चुनाव लड़ने की चर्चा, कांग्रेस खेमे में ‘खलबली’
Last Updated: सितम्बर 16, 2020 " 11:43 पूर्वाह्न"
एमपी सरकार के अधिकारी रमेश सिंह ने चुनाव मैदान में उतरने के लिए सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है। अधिकारी रमेश सिंह ने इस्तीफे से पहले कमलनाथ से मुलाकात की थी। चर्चा है कि रमेश सिंह अनूपपुर से चुनाव लड़ेंगे।
भोपाल: राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रमेश सिंंह ने वीआरएस के लिए शासन में अर्जी दी है। चर्चा है कि सोमवार को रमेश सिंह ने पूर्व सीएम कमलनाथ से मुलाकात की थी। ऐसे में चर्चा है कि वह चुनावी मैदान में उतरेंगे। कमलनाथ की तरफ से आश्वासन मिलने के बाद ही उन्होंने इस्तीफा दिया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि रमेश सिंह अनूपपुर से चुनाव लड़ेंगे और बीजेपी के बिसाहू लाल सिंह को टक्कर देंगे। हालांकि कांग्रेस ऐसी खबरों को खारिज कर रही है।
दरअसल, रमेश सिंह ने राज्य शासन को अपना इस्तीफा मंगलवार को भेजा था, जो मंजूर हो चुका है। रमेश सिंह के इस्तीफे के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। चर्चा है कि रमेश सिंह अनूपपुर सिंह चुनाव लड़ेंगे। यह सीट अनूसूचित जाति के लिए आरक्षित है। यहां से बिसाहू लाल सिंह बीजेपी के उम्मीदवार हैं। शिवराज सरकार में बिसाहूलाल सिंह खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री हैं। वह कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हुए हैं।
कांग्रेस ने घोषित कर दिए हैं उम्मीदवार हालांकि रमेश सिंह को लेकर जो चर्चाएं, अगर वह सही है, तो कांग्रेस में भी बगावत बढ़ सकती है। कांग्रेस ने अनूपपुर के लिए पहले ही प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने अनूपपुर से विश्वनाथ सिंह कुंजाम को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में रमेश को तभी टिकट मिल सकता है, जब कुंजाम का पता कट जाए।