केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना से निधन, दिल्ली एम्स में ली अंतिम सांस
Last Updated: सितम्बर 23, 2020 " 09:47 अपराह्न"
नई दिल्ली: दिल्ली के एम्स से बड़ी खबर आ रही है केंद्रीय रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी का निधन हो गया है। वो कोरोना वायरस से संक्रमित थे। हाल ही में उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार शाम में अचानक उनका निधन हो गया। सुरेश अंगड़ी 65 वर्ष के थे। अंगड़ी चार बार बेलगावी संसदीय क्षेत्र से सांसद रहे।
पीएम मोदी ने कहा- सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगड़ी अचानक निधन सियासी गलियारे शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट में कहा, सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे, जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। वह एक समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे, जो पूरे स्पेक्ट्रम में प्रशंसित थे। उनका निधन दुखद है। इस दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हूं। ओम शांति।
केंद्रीय मंत्री ने 11 सितंबर को ट्वीट के जरिए बताया था उनका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। उन्होंने उस समय किए अपने ट्वीट में बताया था कि मेरा Covid19 टेस्ट पॉजिटिव आया है। डॉक्टरों की सलाह से मैं ठीक हो रहा हूं। साथ ही संपर्क में आए सभी लोगों और करीबियों से किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर कोरोना टेस्ट कराने की अपील की थी। इसी के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार शाम अचानक उनका निधन हो गया।