Ratlam: जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन
Last Updated: जून 16, 2024 " 09:11 अपराह्न"
रतलाम जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन
रतलाम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (dr mohan yadav) द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान का रतलाम जिले में भी प्रभावी क्रियान्वयन किया गया है। विगत 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से प्रारंभ हुए इस अभियान का समापन 16 जून गंगा दशहरा के अवसर पर हुआ। कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देशन में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले के गांव-गांव शहर-शहर में जल संरक्षण, जल संवर्धन की दिशा में अलख जगाई गई है जिसमें व्यापक जनसहभागिता प्राप्त हुई है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा अभियान के नोडल अधिकारी श्रृंगार श्रीवास्तव ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में 3429 नवीन कार्यों का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके अलावा 292 जीर्णोद्धार के कार्य भी प्रारंभ किए गए। नवीन कार्यों की लागत 1750 लाख रुपए है जबकि जीर्णोद्धार वाले कार्यों की लागत 368 लाख रुपए होगी। अभियान के दौरान जिले के नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 200 जल सम्मेलनों तथा जल कलश यात्राओं का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान जल संरक्षण संवर्धन के 376 कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है। जिले के 70 तालाबों से गाद निकालने का कार्य प्रारंभ किया गया है, इसके अलावा चार घाटों की सफाई भी हाथ में ली गई है। जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पौधारोपण के लिए भी व्यापक जन जागरण किया गया है। पौधारोपण के लिए अब तक 13 हजार से अधिक गड्ढे खोदे गए हैं।