राजस्व अधिकारियों को वायरलेस सेट जारी कराने के निर्देश
Last Updated: जुलाई 23, 2021 " 11:49 अपराह्न"
विदिशा| कलेक्टर डॉ पंकज जैन ने शुक्रवार को खण्ड स्तरीय अधिकारियों के कार्यो की समीक्षा वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से की। नवीन कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार कक्ष से सम्बोधित करते हुए कलेक्टर डॉ जैन ने समस्त राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे अपने साथ वायरलेस सेट अनिवार्यतः रखे। ऐसे राजस्व अधिकारी जिनके पास अब तक वायरलेस सेट नही है उन्हें नियमानुसार शीघ्र आवंटित कराने की प्रक्रिया क्रियान्वित करने हेतु अपर कलेक्टर को निर्देशित किया गया है। कलेक्टर डॉ जैन ने समस्त राजस्व अधिकारियों के अलावा अन्य तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा जनपदों के सीईओ को निर्देश दिए है कि पदस्थापना अनुविभाग क्षेत्र की भौगोलिक जानकारियां टिप्स पर हो ताकि कही कोई घटना घटित होती है तो राजस्व अधिकारियों को तत्काल यह पता रहे कि अमूक गांव, स्थल कहां पर है ताकि सहायता हेतु त्वरित स्वंय एवं राहत दल को रवाना किया जा सकें। कलेक्टर डॉ जैन ने खण्ड स्तरीय अधिकारियों में बेहतर रिस्पांस ओर समन्वय को इसके लिए समस्त एसडीएमों को समय अंतराल में बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल के दौरान की जाने वाली पूर्व तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक सामग्री किन-किन स्थलों पर उपलब्ध है को सूचीबद्ध करें। उन्होंने किसी भी दुर्घटना स्थल पर पहुंचने से पहले वाहन में कौन-कौन सी सामग्री होना चाहिए के संबंध में बिन्दुवार निर्देश दिए है। कलेक्टर डॉ जैन ने समस्त एसडीएमो से कहा कि वे अपने-अपने पदस्थापना कार्यक्षेत्रों में किस विजन को प्राथमिकता देना चाहते है ताकि संबंधित क्षेत्र के लोग आपको उस काम से जान सकें। उन्होंने सभी एसडीएमो को प्राथमिकताएं निर्धारित करने और उनकी पूर्ति कैसे हो के विजन से अवगत कराने के निर्देश दिए है। इस दौरान उन्होंने नटेरन, सिरोंज, बासौदा तथा लटेरी एसडीएम से उनके विजन के संबंध में संवाद कर जाना है। कलेक्टर डॉ जैन ने कहा कि जिले में वन भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मुहिम जारी है। वन भूमि पर अतिक्रमक कार्यो की सूचियां पंजीबद्ध की गई है। ऐसे अतिक्रमकारी जिन्हे शस्त्र लायसेंस जारी किए गए है उन सबके शस्त्र निरस्त करने के प्रस्ताव अविलम्ब जिला कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश समस्त एसडीएमो को दिए गए है। कलेक्टर डॉ जैन ने वन विभाग के अधिकारियों से अतिक्रमण हटाने हेतु क्या प्लानिंग है उसका क्रियान्वयन कैसे करेंगे, अब तक सूचीबद्ध अनुसार कितने लोगो को अतिक्रमण से विमुक्त किया गया है ओर कितनी वनभूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है इत्यादि बिन्दुओं की गहन समीक्षा की। कलेक्टर डॉ पंकज जैन ने खण्ड स्तरीय वीडियो कांफ्रेसिंग समीक्षा में राजस्व वसूली, राजस्व प्रकरणो का निराकरण, आरसीएमएस पोर्टल पर प्रविष्टियां, रेवेन्यू एकाउंटिक सिस्टम, सीमांकन, पटवारियों के माध्यम से संपादित किए जाने वाले कार्यो के अलावा पीएम किसान एवं सीएम किसान योजना, स्वामित्व योजना, आबादी सर्वेक्षण, खाद्य आपूर्ति हेतु संचालित उचित मूल्य दुकानो की क्रास मानिटरिंग, नवीन पीडीएस दुकानो के आवंटन की कार्यवाही इत्यादि बिन्दुओं की समीक्षा की है। वीडियो कांफ्रेसिंग समीक्षा के दौरान जिला पंचायत के नवागत सीईओ डॉ योगेश भरसट, अपर कलेक्टर श्री वृदांवन सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री कुमार शानू देवडिया, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अमृता गर्ग, विदिशा एसडीएम श्री गोपाल सिंह वर्मा, विदिशा तहसीलदार द्वय शहरी श्रीमती सरोज अग्निवंशी, ग्रामीण श्री केएन ओझा के अलावा वन विभाग के उप वन मण्डलाधिकारी श्री राजीव श्रीवास्तव मौजूद रहें।