Ratlam: गोठड़ा माताजी की वार्षिक भविष्यवाणी सुनने आस्था का सैलाब उमड़ा
Last Updated: अप्रैल 19, 2024 " 08:09 अपराह्न"
रतलाम। मलेनी नदी के तट पर चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन महिषासुर मर्दिनी गोठड़ा माताजी की वार्षिक भविष्यवाणी सुनने आस्था का सैलाब उमड़ा। माताजी के पंडा जी कचरू चौधरी द्वारा वर्षभर की गतिविधियों की भविष्यवाणी की गई। पंडा जी ने कहा कि इस साल पानी वैशाख में बहुत हैं। अग्नि का प्रकोप व गर्मी ज्यादा रहेगी। देश का राजा नहीं बदलेगा। सोना में तेजी रहेगी, चांदी ठीक रहेगी। लहसुन के भाव में तेजी होगी।
हर साल मलेनी नदी के तट पर चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन गोठड़ा माताजी की भविष्यवाणी उनके पंडा सुनाते हैं इसमें साल भर कैसा रहेगा मौसम, फसलों, सोने-चांदी के दाम की भविष्यवाणी होती है।
मौसम की भविष्यवाणी
माताजी के पंडा ने भविष्यवाणी की कि इस वर्ष गर्मी बहुत तेज व कहीं-कहीं गर्मी के चलते अग्नि का प्रकोप भी देखने को मिलेगा। इस वर्ष सात मावठे होंगे। बैठते जेठ में ग्यारस बारस को डूमडे गिरेंगे। सावन माह में पानी खूब गिरेगा। पानी की कमी नहीं रहेगी। वर्षा बहुत अत्यधिक होगी।
बोवनी दो होगी- पहली आषाढ़ माह में पूनम से नवमी तक और दूसरी आषाढ़ माह में एकम से सातम तक। पौष माह में ओले गिरेंगे। गेहूं, मैथी, चना सभी का भाव ठीक रहेगा। हवा का प्रकोप काफी ज्यादा रहेगा। विश्व भर में हवा से काफी नुकसान होगा। साथ ही वैशाख माह में देशभर में बीमारी का प्रकोप पड़ेगा।
सोने-चांदी और फसलों के दाम की भविष्यवाणी
सोने का भाव बढ़ेगा। चांदी स्थिर रहेगी। लहसुन के भाव में अकल्पनीय तेजी आएगी। प्याज का भाव भी बहुत रहेगा। बोवनी का समय तेरस दोपहर तीन से शाम छह बजे तक का मुहूर्त सही रहेगा। बगैर बीम के फिर से मकान बनना शुरू होंगे। कुंवार महीने में पानी व आंधी तूफान अत्यधिक गिरेंगे।
देश का राजा नहीं बदलेगा
कुछ लोगों ने राजनीति के बारे में पूछा तो इस पर मुस्कुराते हुए माताजी ने जवाब दिया कि खेती-किसानी, व्यापार-व्यवसाय के बारे में पूछ लो। राजनीति के बारे में मैं नहीं बता सकती। फिर भी अंत में माताजी ने कह दिया देश का राजा वही रहेगा, राजा नहीं बदलेगा।
भविष्यवाणी सुनने विधायक समेत हजारों लोग जुड़े
भविष्यवाणी सुनने आलोट विधायक डा. चिंतामणि मालवीय सहित कई जनप्रतिनिधियों और दूर-दूर से भक्त पहुंचे।