शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने बचाई जान
Last Updated: मई 24, 2026 " 07:27 अपराह्न"
आरक्षक परशुराम रावत टावर पर चढ़े, एसडीआरएफ-फायर ब्रिगेड के साथ चला रेस्क्यू ऑपरेशन
भिण्ड। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक व्यक्ति शराब के नशे में भिण्ड रोड स्थित एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एसडीआरएफ और नगर पालिका की फायर ब्रिगेड के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया।
थाना गोहद चौराहा पुलिस को 23 मई को सूचना मिली कि एक व्यक्ति टावर पर चढ़ गया है। थाना प्रभारी रामनरेश यादव तत्काल बल के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीओपी गोहद महेन्द्र गौतम को अवगत कराया। श्री गौतम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू की कमान संभाली। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी गोहद सहित अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।
कंट्रोल रूम से एसडीआरएफ टीम और नगर पालिका की फायर ब्रिगेड बुलाई गई। पुलिस ने पीए सिस्टम और मोबाइल से युवक से संवाद किया। उसके पिता, पत्नी व बच्चों से भी बात कराई गई, लेकिन नशे में होने के कारण युवक कुछ सुनने को तैयार नहीं था।
योजना के तहत एसडीआरएफ ने टावर के नीचे सुरक्षा जाल लगाया। इसी बीच आरक्षक 621 परशुराम रावत ने साहस दिखाते हुए जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़े और युवक को कंधे पर बैठाकर रस्सियों की मदद से नीचे उतारने में मुख्य भूमिका निभाई। स्थानीय युवकों ने भी रेस्क्यू में सहयोग किया।
सकुशल नीचे उतारने के बाद पुलिस ने युवक का मेडिकल परीक्षण कराया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक ने नशे की हालत में यह कदम उठाया था।
पुलिस का मानवीय चेहरा: मध्यप्रदेश पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि वह कानून व्यवस्था के साथ मानवीय संवेदनाओं के लिए भी प्रतिबद्ध है। एसडीओपी महेन्द्र गौतम ने टीम की सूझबूझ और साहस की सराहना की। थाना प्रभारी रामनरेश यादव, एसडीआरएफ टीम और आरक्षक परशुराम रावत की भूमिका अहम रही।