रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता: अंतरराज्यीय तस्कर से 1 करोड़ की MD ड्रग्स जब्त
Last Updated: जून 26, 2026 " 04:28 अपराह्न"
Ratlam: मुखबिर की सूचना पर रिंगनोद पुलिस की कार्रवाई, आरोपी से नेटवर्क की जांच जारी
रतलाम (स्पष्ट खबर )। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना रिंगनोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलोग्राम MD ड्रग्स बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹1 करोड़ आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व तथा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रघुवीर जोशी एवं पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह सफलता हासिल की।
ऐसे पकड़ा गया तस्कर दिनांक 25 जून 2026 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध MD ड्रग्स लेकर बरखेड़ी फंटा, महू-नीमच फोरलेन हाईवे, ढोढर क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना पर तत्काल टीम ने NDPS एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए घेराबंदी की। संदेही को रोककर विधिवत तलाशी ली गई तो उसके पास से 1000 ग्राम यानी 1 किलोग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी युनुस पिता नियामत खान पठान, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम कोटड़ी, थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान।
नेटवर्क की जांच जारी पुलिस गिरफ्तार आरोपी से MD ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई चेन, तस्करी नेटवर्क एवं इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रतलाम पुलिस जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर कार्य कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों एवं संगठित गिरोहों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।
इनकी रही सराहनीय भूमिका इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, उप निरीक्षक राजेश मालवीय, सहायक उप निरीक्षक अशोक चौहान, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक राधेश्याम चौहान, आरक्षक नरेंद्र सिंह जगावत, आरक्षक रविंद्र सिंह चौहान, आरक्षक शोभाराम शर्मा, सैनिक छत्रपाल सिंह एवं साइबर सेल रतलाम की विशेष भूमिका रही।