इंदौर: नकली तहसीलदार बनी युवती ने कोविड 19 के नाम पर काटा ढाई लाख का चालान, गिरफ्तार

  
Last Updated:  जुलाई 18, 2020 " 10:56 पूर्वाह्न"

एमपी के इंदौर में पुलिस ने शुक्रवार को एक युवती को गिरफ्तार किया जो नकली तहसीलदार बनकर लोगों से ठगी कर रही थी। ठग युवती ने एक फैक्ट्री मालिक को ढाई लाख रुपए का चालान थमाया, लेकिन उसे पैसे नहीं मिल पाए।

navbharat times

इंदौर: केंद्रीय मंत्री का नकली निजी सचिव बनकर लोगों को ठगने वाले युवक की गिरफ्तारी के अगले दिन एमपी की इंदौर पुलिस ने एक युवती को पकड़ा है जो नकली तहसीलदार बनकर ठगी करती थी। युवती ने एक फैक्ट्री के मालिक को ढाई लाख रुपए का चालान भी किया था, लेकिन यही उसके पकड़े जाने का कारण भी बन गया।
नकली तहसीलदार बनी युवती पिछले दिनों एक फ़ूड फैक्ट्री में घुसी। फैक्ट्री में कोविड 19 के नियमों के उल्लंघन का हवाला देकर उसने फैक्ट्री मालिक को धमकाया। युवती ने ढाई लाख का चालान भी काट डाला, लेकिन उसे पैसे नहीं मिले। फैक्ट्री मालिक ने तत्काल पैसे नहीं होने की बात कही तो युवती फैक्ट्री के कागजात लेकर रफूचक्कर हो गई। इंदौर की भंवरकुआ पुलिस ने उसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।

डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र के अनुसार फैक्ट्री के मालिक अंशुल गुप्ता ने शुक्रवार को भंवरकुआ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत थी कि 14 जुलाई को एक युवती उनकी नेमावर रोड स्थित मिलार्क फूड फैक्ट्री में आई। उसने अपना नाम तरंग बताया। उसने खुद को इलाके की तहसीलदार बताया और फैक्ट्री का निरीक्षण करने लगी। युवती ने दावा किया कि फैक्ट्रियों में कोविड – 19 से संबंधित सावधानियां रखी जा रही हैं या नहीं, इसकी जांच चल रही है। य़ुवती ने फैक्ट्री में कई अनियमितताओं का हवाला देते हुए ढाई लाख रुपये का चालान भी काट दिया।

आश्चर्यचकित गुप्ता ने तत्काल पैसे नहीं होने का बहाना बना लिया क्योंकि उन्हें दाल में कुछ काला लगने लगा था। युवती फैक्ट्री के दस्तावेजों की कॉपी अपने साथ ले गई। इधर, गुप्ता ने अपने स्तर पर तहसीलदार की जानकारी निकाली तो पता चला कि फैक्ट्री में आई युवती ठग थी। वो नकली तहसीलदार बनकर फैक्ट्री मे आई थी और पैसे ऐंठना चाहती थी।

गुप्ता की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को उसके मोबाईल नंबर से ट्रेस कर कुछ ही घंटों मे गिरफ्तार कर लिया। ठग युवती का नाम तरण कौर है। वह इंदौर के कमला नेहरू कालोनी की रहवासी है और फिलहाल सांवेर रोड में रहती है। उससे पूछताछ अभी जारी है।

 4,709 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *