पीएम मोदी ने नए साल के ठीक पहले ग्रामीण इलाके की महिलाओं को बडा तोहफा दिया, ₹5000 की ओवरड्राफ्ट फैसिलिटी की सुविधा देने की घोषणा की
Last Updated: दिसम्बर 19, 2021 " 09:05 अपराह्न"
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नए साल के ठीक पहले ग्रामीण इलाके की महिलाओं को बडा तोहफा दिया हैं। ग्रामीण इलाके की महिलाओं को ₹5000 की ओवरड्राफ्ट फैसिलिटी की सुविधा देने की घोषणा की है। केंद्र सरकार आजादी का अमृत महोत्सव मना रही है। इस कड़ी में ग्रामीण विकास मंत्रालय ने देश भर की महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात का ऐलान किया है। ग्रामीण इलाके की जो महिलाएं दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सत्यापित महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं, उनके लिए यह सुविधा शुरू की जा रही है। सरकारी बैंक और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन में सभी बैंकों के मैनेजिंग डायरेक्टर, उप प्रबंध निदेशक, कार्यकारी निदेशक समेत मुख्य महाप्रबंधक भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशनों के अधिकारी भी शामिल थे।
केंद्र सरकार के बजट में हुई थी घोषणा
सत्यापित स्वसहायता सदस्यों को पांच हजार रुपये की ओवरड्राफ्ट सुविधा की अनुमति दिये जाने के विषय में वित्तमंत्री ने 2019-20 के अपने बजट भाषण में घोषणा की थी।उसके अनुसार ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधीन दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई-एनआरएलएम) ने देश के ग्रामीण इलाकों में महिला स्वसहायता समूहों की सदस्याओं को ओवरड्राफ्ट सुविधा प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसका उद्देश्य इमरजेंसी में आने वाली जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है। एक अनुमान के अनुसार DAY-NRLM के तहत 5 करोड़ महिला स्वसहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं ओवरड्राफ्ट सुविधा की पात्र हो जायेंगी।