मौसम ने ली एक बार फिर करवट, MP में रविवार को बारिश की संभावना, बढ़ेगी कड़ाके की ठंड
Last Updated: जनवरी 12, 2025 " 11:05 पूर्वाह्न"
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में रविवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। ग्वालियर, मुरैना और छतरपुर समेत 18 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही रीवा संभाग के सभी जिलों में कोहरे का असर रहेगा। बारिश और कोहरे के कारण ठंड में इजाफा हो सकता है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार रविवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर एवं नर्मदापुरम संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा होने के भी आसार हैं। उधर, शनिवार को प्रदेश में रात का सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस शहडोल के कल्याणपुर में रहा। भिंड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया और निवाड़ी जिले में सुबह घना कोहरा रहा।
मौसम प्रणाली सक्रिय-
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य पाकिस्तान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। प्रेरित चक्रवात से लेकर अरब सागर तक एक द्रोणिका बनी हुई है। उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से निचले स्तर पर पूर्वी हवाएं चल रही हैं, जबकि ऊपरी स्तर पर पश्चिमी हवा चल रही हैं। इस वजह से प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल छा गए हैं।
इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को बैतूल, हरदा, खंडवा, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, कटनी, दमोह, श्योपुरकलां, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्ना में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। साथ ही सिंगरौली, सीधी, रीवा और सतना में मध्यम कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है। प्रदेश में शहडोल जिले के कल्याणपुर शहर में सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके बाद रीवा में 5 डिग्री, मंडला में 5.4 डिग्री और उमरिया में 6.5 डिग्री रहा।