सरकार ने किया आगाह- कोरोना संक्रमण से बद से बदतर हो रहे हालात, समूचा देश जोखिम में

  
Last Updated:  मार्च 30, 2021 " 09:14 अपराह्न"

नई दिल्ली|केंद्र सरकार ने कोरोना संक्रमण पर सभी राज्यों और देशवासियों को आगाह किया है। केंद्र ने मंगलवार को कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण संबंधी स्थिति ‘बद से बदतर हो रही है’ और यह खासतौर पर कुछ राज्यों के लिए बड़ी चिंता का विषय है। सरकार ने कहा कि पूरा देश जोखिम में है, ऐसे में किसी को भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए।

सरकार ने बताया है कि कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित 10 जिलों में से आठ महाराष्ट्र से हैं और दिल्ली भी एक जिले के रूप में इस सूची में शामिल है।

वो 10 जिले कौन, जान लीजिए
स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जिन दस जिलों में सर्वाधिक उपचाराधीन मामले हैं, उनमें पुणे (59,475), मुंबई (46,248), नागपुर (45,322), ठाणे (35,264), नासिक (26,553), औरंगाबाद (21,282), बेंगलुरु नगरीय (16,259), नांदेड़ (15,171), दिल्ली (8,032) और अहमदनगर (7,952) शामिल हैं।


उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से दिल्ली में कई जिले हैं, लेकिन इसे एक जिले के रूप में लिया गया है। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वी के पॉल ने कहा, ‘कोविड-19 संबंधी स्थिति बद से बदतर हो रही है। पिछले कुछ सप्ताहों में, खासकर कुछ राज्यों में, यह एक बड़ी चिंता विषय है। किसी भी राज्य, देश के किसी भी हिस्से या जिले को लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।’


उन्होंने कहा, ‘हम काफी अधिक गंभीर स्थिति का सामना कर रहे हैं, निश्चित तौर पर कुछ जिलों में। लेकिन पूरा देश जोखिम में है, इसलिए रोकने (संक्रमण के प्रसार को) और जीवन बचाने के सभी प्रयास किए जाने चाहिए।’ पॉल ने कहा, ‘अस्पताल और आईसीयू संबंधी तैयारियां तैयार रहनी चाहिए। यदि मामले तेजी से बढ़े तो स्वास्थ्य प्रणाली चरमरा जाएगी।’


दिल्ली का हाल समझ लीजिए
बाजारों में भीड़ देखकर लापरवाही का अंदाजा लगाया जा सकता है। दिल्ली में कोरोना वायरस से संबंधित नियमों के उल्लंघन को लेकर बीते पांच दिनों में 18,500 चालान काटे गए हैं और 3.18 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने पर 1.66 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। उसमें बताया गया है कि 25 मार्च को 4018, 26 मार्च को 3877, 27 मार्च 4034, 28 मार्च को 3834 और 29 मार्च को 2758 चालान किए गए।

 1,586 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *