स्वामित्व अभियान:प्रकाश डिण्डोर के पास अब अपने प्लाट के मालिकाना हक का दस्तावेज है
Last Updated: अक्टूबर 6, 2021 " 08:25 अपराह्न"
रतलाम । के तहत रतलाम जिले में ग्रामीण आबादी सम्पत्ति सर्वेक्षण अभियान जारी है। बुधवार को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सिंगल क्लिक द्वारा ग्रामीण हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए। इस दौरान जावरा में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम खेडाखेडी के प्रकाश डिण्डोर के चेहरे की खुशी देखते ही बनती थी। प्रकाश बहुत खुश था क्योंकि जिस प्लाट के सम्बन्ध में उसके मन में सदैव चिन्ता रहती थी कि उसका प्लाट होते हुए भी मालिकाना हक का दस्तावेज उसके पास नहीं था परन्तु प्रधानमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक से प्रदान किए गए अधिकार अभिलेख पाने वालों में अब प्रकाश डिण्डोर भी शामिल हो गया और मन में निश्चिंतता आ गई क्योंकि अब उसके पास अपने प्लाट के मालिकाना हक का दस्तावेज है।
प्रकाश ने बताया कि उसके दादा-दादी के समय का प्लाट उसके पास था परन्तु प्लाट संबंधी कोई दस्तावेज नहीं था, इस कारण से मकान बनाने के लिए बैंक ऋण भी नहीं मिल पा रहा था और बेचना चाहता था तो विक्रय करने में भी परेशानी आ रही थी। दस्तावेज के अभाव में प्लाट विक्रय करना मुश्किल था परन्तु शासन की स्वामित्व योजना ने उसकी सभी परेशानियों को हल कर दिया है। प्रकाश कहता है कि अब वह अपने प्लाट पर मकान बनाएगा और आसानी से उसे बैंक ऋण भी मिल पाएगा। उसके तथा उसके परिवार वालों की चिन्ता अब दूर हो गई है।
ऐसी ही खुशी ग्राम खेडाखेडी के गुलाब माली के चेहरे पर भी झलक रही थी। जावरा में आयोजित कार्यक्रम में भी गुलाब को भी उसके प्लाट का अधिकार अभिलेख अतिथियों के हाथों प्राप्त हुआ। इससे गुलाब अब अपने प्लाट का समुचित उपयोग कर सकेगा। गुलाब का इरादा भी प्लाट पर मकान बनाने का है। उसका कहना था कि अब उसे आसानी से बैंक ऋण भी मिल पाएगा या उसे विक्रय करने का इरादा हुआ तो आसानी से उसे विक्रय कर पाएगा।