राजस्थान: गहलोत के नए मंत्रिमंडल में 15 मंत्रियों को शपथ दिलाई-
Last Updated: नवम्बर 21, 2021 " 06:38 अपराह्न"
जयपुर। राजस्थान में नए मंत्रिमंडल का शपथग्रहण पूरा हो गया। राजभवन में कुल 15 मंत्रियों को वरिष्ठता के आधार पर शपथ दिलाई गई। सबसे पहले हेमाराम चौधरी ने शपथ ली। इस मंत्रिमंडल में पायलट खेमे से मुरारीलाल मीणा, बृजेंद्र सिंह ओला, हेमाराम चौधरी, रमेश मीणा और विश्वेंद्र सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली।
पायलट खेमे के पांच विधायकोंं को मौका दिया गया है। वहीं, तीन राज्य मंत्रियों का प्रमोशन कर उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। जानिए किस-किस विधायक ने आज शपथ ली और कौन किस खेमे से है।
11 कैबिनेट मंत्री और चार राज्य मंत्री हेमाराम चौधरी ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। हेमाराम सचिन पायलट गुट के माने जाते हैं और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। रामलाल जाट ने कैबिनेट मंत्री की शपथ ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं रामलाल। कई बार विवादों में भी रह चुके हैं।
डॉ. महेश जोशी ने ली मंत्रिपद की शपथ। वह कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। राजस्थान कांग्रेस के बड़े नेता माने जाते हैं। हवामहल विधानसभा से हैं विधायक। चीफ व्हिप की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। सीएम गहलोत के करीबी माने जाते हैं।
विश्वेंद्र सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। राजघराने से हैं और वरिष्ठ नेता माने जाते हैं। रमेशचंद्र मीणा ने ली कैबिनेट मंत्री की शपथ। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रह चुके हैं, दोबारा मंत्री बनाया गया है। सपोटरा से विधायक हैं। ममता भूपेश बैरवा ने मंत्रिपद की शपथ ली। सिकराय विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। महिला कांग्रेस की महासचिव भी रह चुकी हैं। भजनलाल जाटव ने मंत्रिपद की शपथ ली। कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। वैर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। टीकाराम जूली ने ली कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ। अलवर ग्रामीण से विधायक हैं। गोविंदराम मेघवाल ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। खाजूवाला से विधायक हैं। पूर्व संसदीय सचिव भी रह चुके हैं। शकुंतला रावत ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। बानसूर से विधायक शकुंतला सीएम गहलोत के खेमे से हैं। महिला कांग्रेस की पूर्व महासचिव भी रह चुकी हैं। बृजेंद्र ओला ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। झुंझुनू से विधायक हैं और सचिन पायलट खेमे से हैं। पहले भी मंत्री रह चुके हैं। मुरारीलाल मीणा ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। दौसा से विधायक हैं। सचिन पायलट खेमे से हैं मीणा। राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। उदयपुरवाली से विधायक राजेंद्र गुढ़ा पर्यटन मंत्री रह चुके हैं और गहलोत खेमे से हैं। जाहिदा खान ने भी राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली। कामां से विधायक हैं जाहिदा। दूसरी बार मंत्री बनी हैं और गहलोत खेमे से हैं। तीन मंत्रियों का प्रमोशन भजनलाल जाटव, टीकाराम जूली और ममता भूपेश बैरवा पिछले मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री थे और इस बार इन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। शनिवार को पूरे गहलोत मंत्रिमंडल ने अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद रविवार को नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई गई।