Ratlam:कलेक्टर ने बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की विशेष समीक्षा की

  
Last Updated:  जनवरी 8, 2024 " 06:05 अपराह्न"

अपूर्ण योजनाएं शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

रतलाम ।  कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में सोमवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की योजनाओं की विशेष रूप से समीक्षा करते हुए अपूर्ण योजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यपालन यंत्री ने बताया कि सेमलिया योजना जनवरी में पूर्ण कर ली जाएगी। कोठडी में निर्माणाधीन योजना के ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया है, दोबारा टेंडर लगाया जा रहा हैं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने उपसंचालक सामाजिक न्याय को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की समीक्षा मे निर्देशित किया कि ई-केवाईसी के अभाव में किसी भी हितग्राही की पेंशन राशि बंद नहीं हो। महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि जिले में संचालित बाल आश्रयगृहों की जांच की जाए। जितनी भी संस्थाएं हैं उनकी गहनता से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। यह सुनिश्चित करें कि वहां कोई गैरकानूनी अथवा संदेहास्पद गतिविधि नहीं चल रही हो। सड़कों पर रहने वाले, विचरण करने वाले बच्चों के पुनर्वास की पुख्ता कार्य योजना महिला बाल विकास विभाग बनाए। महिला बाल विकास विभाग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर द्वारा पूछा गया कि आंगनवाड़ियों का निरीक्षण जो कि सभी एसडीएम द्वारा किया गया था उनकी रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कारवाईयां क्यों नहीं की गई है, इस बारे में अधिकारी तत्काल कार्रवाई कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके न्यायालय के रिकॉर्ड अपडेट रहे। प्रकरण जिस वरिष्ठ न्यायालय को प्रेषित किया गया है उसकी जानकारी संधारित करें। मूल अभिलेख वापस होंगे जिसकी जिम्मेदारी पीठासीन अधिकारी की होगी। जिला मुख्यालय पर संधारित किए जा रहे हैं रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए। जिन स्थानों के रिकार्ड्स अपडेट नहीं है वहां के कोटवारों तथा अन्य कर्मचारियों को बुलवाकर रिकॉर्ड अपडेट करें।

जावरा क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा पवन ऊर्जा कंपनियों के संबंध में की जाने वाली शिकायतों पर कलेक्टर द्वारा एसडीएम जावरा को निर्देश दिए गए किसानों ग्रामीणों ने शिकायत में बताया है कि कंपनियों द्वारा पवन चक्कियां ग्रामीणों के निजी खेत में लगाई जा रही हैं तथा उनका किराया भी नहीं दिया जा रहा है। कलेक्टर ने एसडीएम को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को विभागीय उप स्वास्थ्य केन्द्रों के निर्माण की अपडेट स्थिति देने के निर्देश दिए गए।

12 जनवरी सूर्य नमस्कार आयोजन की समीक्षा

बैठक में कलेक्टर द्वारा आगामी 12 जनवरी स्वामी विवेकानंदजी के जन्मदिवस युवा दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले सामूहिक सूर्य नमस्कार आयोजन की तैयारी की समीक्षा की। जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। बताया गया कि 12 जनवरी को सामूहिक सूर्य नमस्कार आयोजन होगा जिसका समय प्रातः 9ः00 बजे से 10ः30 बजे तक का रहेगा। इस आयोजन में जो विद्यार्थी सम्मिलित होंगे वे कक्षा 6 से 12वीं तक के रहेंगे। रेडियो पर प्रसारित निर्देशों के अनुसार सूर्य नमस्कार आयोजन होगा।

 812 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *