Ratlam:राजस्व प्रकरणों के निराकरण और राजस्व अभिलेखकी त्रुटियों को ठीक करने के महाअभियान
Last Updated: जनवरी 12, 2024 " 05:29 अपराह्न"
रतलाम/सैलाना। सैलाना अनुभाग की सैलाना, रावटी और बाजना तहसीलों में राजस्व महाअभियान 15 जनवरी से प्रारंभ होकर 29 फरवरी, 2024 तक संचालित किया जायेगा।
आज आयोजित बैठक में अभियान की गतिविधियों के संबंध में अनुभाग के समस्त तहसीलदारों, पटवारियों को कार्यवाही हेतु निर्देश दिये गये।
सैलाना अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनीष जैन ने बताया कि महाअभियान का उद्देश्य राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण, नये राजस्व प्रकरणों को आरसीएमएस पर दर्ज कराना, नक्शे पर तरमीम, पीएम किसान का सेचुरेशन एवं समग्र का आधार से ई-केवाईसी और खसरे की समग्र आधार से लिंकिंग सहित आमजन की राजस्व से संबंधित समस्याओं का निराकरण समय सीमा में करना है। महाअभियान में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों में राजस्व रिकॉर्ड का वाचन, समग्र ई-केवाईसी और समग्र से खसरे की लिंकिंग, आरसीएमएस पर प्रकरण दर्ज कराना, आरसीएमएस पर लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण, फौती नामांकरण, सीमांकन, नक्शे में तरमीम किया जाना शामिल है। महाअभियान के दौरान की जाने वाली गतिविधियों की अनुभाग स्तर पर रोजाना समीक्षा होगी।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी मनीष जैन, सैलाना, रावटी और बाजना के तहसीलदार और अनुभाग सैलाना के समस्त पटवारी, राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।