अपनी मांगों को लेकर शंभू बॉर्डर पर डटे हजारों किसान, आज दिल्ली मार्च की करेंगे कोशिश
Last Updated: फ़रवरी 21, 2024 " 09:35 पूर्वाह्न"
एमएसपी यानी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानूनी गारंटी की मांग कर रहे किसान आज बुधवार को फिर से दिल्ली कूच करने को तैयार हैं। सरकार संग चार दौर की बातचीत किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंची हैं।
फिलहाल, हजारों किसान दिल्ली से करीब 200 किलोमीटर दूर पंजाब-हरियाणा के बीच शंभू बॉर्डर पर डटे हैं। इस बीच, सरकार ने अनुमान लगाया है कि 1,200 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, 300 कारों, 10 मिनी बसों के साथ-साथ छोटे वाहनों के साथ लगभग 14,000 लोग पंजाब-हरियाणा सीमा पर इकट्ठा हुए हैं। हालांकि, उन्हें रोकने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह से तैयार है। हरियाणा में ही नहीं, दिल्ली की सीमाओं को भी छावनी में बदल दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने किसानों के कूच को लेकर चप्पे-चप्पे पर पहरेदारी कर रखी है। किसानों के आज बुधवार को दिल्ली मार्च के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किसानों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
कभी नहीं सोचा था कि ताकतें हम पर इस तरह जुल्म करेंगी- किसान नेता पंढेर
किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा, हमने सरकार से कहा है कि आप हमें मार सकते हैं। लेकिन कृपया किसानों पर अत्याचार न करें।
हम प्रधानमंत्री से अनुरोध करते हैं कि वह आगे आएं और किसानों के लिए एमएसपी गारंटी पर कानून की घोषणा करके इस विरोध को समाप्त करें। ऐसी सरकार को देश माफ नहीं करेगा। हरियाणा के गांवों में अर्धसैनिक बल तैनात हैं। हमने कौन सा अपराध किया है? हमने आपको प्रधानमंत्री बनाया है। हमने कभी नहीं सोचा था कि ताकतें हम पर इस तरह जुल्म करेंगी। कृपया संविधान की रक्षा करें और हमें शांतिपूर्वक दिल्ली की ओर जाने दें, यह हमारा अधिकार है।
शंभू बॉर्डर पर डटे हजारों किसान, आज फिर दिल्ली मार्च की करेंगे कोशिश
केंद्र सरकार के साथ बैठक बेनतीजा रहने के बाद आज फिर किसान दिल्ली मार्च की कोशिश करेंगे। पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर हजारों किसान ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ डटे हुए हैं। किसानों के मार्च को देखते हुए बॉर्डर पर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।