Ratlam:करिया में हनुमान सागर तालाब का गहरीकरण, थंब गुराडिया में भी गहरीकरण,गुडरखेड़ा तालाब के गहरीकरण के लिए 200 से 300 व्यक्ति श्रमदान में जुटे
Last Updated: जून 9, 2024 " 07:39 अपराह्न"
रतलाम। राज्य शासन के जल गंगा संवर्धन अभियान तथा नमामि गंगे अभियान के तहत जिले के गांव-गांव में जल संवर्धन के कार्य किए जा रहे हैं। इस क्रम में विकासखंड सैलाना के ग्राम करिया में जनसहयोग से हनुमान सागर तालाब का गहरीकरण कर गाद निकालकर स्वेच्छा से ट्रैक्टर ट्रालियों के माध्यम से अपने खेतों में डाली गई। ग्रामीणों को गोबर के उपले तथा अतिक्रमण स्वेच्छा से हटाए जाने के लिए प्रेरित किया गया जिसमें ग्रामीणों द्वारा सहयोग किया गया। जनपद पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में गाद निकालकर वृक्षारोपण भी किया गया।
थंब गुराडिया में भी गहरीकरण
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विकासखंड आलोट के ग्राम थंब गुराडिया में भी तालाब गहरीकरण का शुभारंभ किया गया, इस दौरान जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी उपस्थित रहे।
बड़ावदा में सरकारी बावड़ी में श्रमदान द्वारा सफाई
शासन के जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जनसहभागिता से जिले में जलाशयों का संरक्षण कार्य प्रारंभ किया गया है। जिले के बड़ावदा में भी वार्ड क्रमांक 9 में सरकारी बावड़ी की सफाई की गई। इस अवसर पर नागरिकों को संदेश दिया गया कि जल है तो कल है, जल ही जीवन है, जल के बिना जीवन की कल्पना नहीं कर सकते। कुओं, बावड़ी, तालाबों का निर्माण हमारे पूर्वजों में गांव के मध्य करवाया था लेकिन आज ट्यूबवेल से जलापूर्ति होने के कारण इनका उपयोग नहीं होने से ये खराब हालत में हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी जलाशयों की सफाई, मरम्मत एवं पुनर्जीवन के लिए जल गंगा संरक्षण अभियान संचालित किया है।
गुडरखेड़ा तालाब के गहरीकरण के लिए 200 से 300 व्यक्ति श्रमदान में जुटे
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा संचालित किए गए जल गंगा संरक्षण अभियान के अंतर्गत रतलाम जिले में व्यापक पैमाने पर पुराने तालाबों की गहरीकरण का काम हाथ में लिया गया है। शासन प्रशासन के आह्वान पर ग्रामीण उत्साह के साथ अपने गांव की पुरानी धरोहरों के पुनरुत्थान में जुट गए हैं।
जिले के विकासखंड पिपलोदा के ग्राम गुडरखेड़ा के पुराने तालाब का भी जीर्णोद्धार कार्य ग्रामीणों ने अपने हाथ में ले लिया है। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत शेरपुर, कोटडा तथा गुडरखेड़ा की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति भी उक्त तालाब के कार्य में जुड़ी है। अभी तक शेरपुर, आंबा, गुडेरखेड़ा के व्यक्तियों द्वारा ढाई हजार ट्रैक्टर ट्राली मिट्टी निकालकर तालाब को गहरा किया गया है। तालाब बहुत पुराना है, गहरीकरण के कार्य के दौरान इसमें से 10 से 12 किलो वजन की ईंटें भी निकली है, पुरानी लकड़िया भी निकली है।
तालाब गहरीकरण से एक लाभ यह भी होगा कि अब बरसात में तालाब के टूटने का डर नहीं रहेगा। गांव के सरपंच मदन बॉस ने बताया कि अभियान में गांव के लोग बड़ी संख्या में जुड़े हैं। लगभग 200 से 300 व्यक्तियों ने श्रमदान में हिस्सा लिया है। तालाब गहरीकरण में जन अभियान परिषद रतलाम के पूरे दल ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ब्लॉक समन्वयक शिवशंकर शर्मा, सेक्टर शेरपुर के वीरेंद्रसिंह चौहान, गुडरखेड़ा समिति के अध्यक्ष लोकेंद्रसिंह, कोटड़ा समिति के अध्यक्ष अमृत मीणा, दशरथ मीणा, सेक्टर समन्वय गणपत जाधव शामिल हुए।