भोपाल जा रहे रतलाम के दो रोजगार सहायकों की सड़क हादसे में मौत, CM ने जताया दुख
Last Updated: मई 20, 2026 " 07:34 अपराह्न"
मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख, घायलों को 1 लाख व 50 हजार की सहायता
रतलाम/भोपाल (स्पष्ट खबर)। भोपाल में आयोजित ग्राम रोजगार सहायकों के राज्य स्तरीय महासम्मेलन में शामिल होने जा रहे रतलाम जिले के दो सहायक सचिवों की सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
घटना रात्रि करीब 3 बजे देवास बायपास स्थित ग्राम बैरागढ़, जिला देवास में हुई। ग्रामीण विकास विभाग में कार्यरत सहायक सचिवों का वाहन भोपाल जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में लखन कमोदिया, 35 वर्ष एवं हुरजी मईडा, 45 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य सहायक सचिव घायल हो गए।
घायलों के नाम: करमचंद, कैलाश, देवचंद, अंतरसिंह, राकेश, मांगीलाल, विनोद, प्यारेलाल एवं चौक सिंह। सभी घायलों का उपचार देवास के अमलतास अस्पताल में चल रहा है।
Cm ने की सहायता की घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक लखन कमोदिया तथा हुरजी मईडा के परिजनों को 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।
अधिकारी पहुंचे अस्पताल घटना की सूचना मिलते ही रतलाम जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन एवं एसडीएम सैलाना तरुण जैन तत्काल अमलतास अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने डॉक्टरों व अस्पताल स्टाफ से घायलों के उपचार की जानकारी ली, परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
रतलाम जिले के सहायक सचिव भोपाल में आयोजित ‘ग्राम रोजगार सहायकों के महापर्व एवं राज्य स्तरीय महा सम्मेलन’ में शामिल होने जा रहे थे।