रतलाम/ श्री कालिका माता मंदिर धामनोद में 23 मई से गूंजेंगे वैदिक मंत्र: सात दिवसीय शतचण्डी महायज्ञ का होगा भव्य शुभारंभ

  
Last Updated:  मई 22, 2026 " 06:14 अपराह्न"

महादेवी भागवत कथा रात 8 बजे से, गंगादशमी पर होगा सहस्त्र धारा महाभिषेक

रतलाम/धामनोद। नगर के प्राचीन श्री कालिका माता मंदिर प्रांगण शनिवार 23 मई से वैदिक मंत्रों से गुंजायमान होगा। श्री भगवती माँ कालिका भवानी की असीम कृपा से “श्री सप्त दिवसीय सप्तकुण्डात्मक शतचण्डी महायज्ञ एवं श्री महादेवी भागवत कथा” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। सात दिनों तक चलने वाला यह धार्मिक अनुष्ठान 29 मई शुक्रवार को पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न होगा।

प्रथम दिन होगा देवता आव्हान
सकल पंच कालिका माता मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महायज्ञ का शुभारंभ 23 मई शनिवार को प्रातः 8 बजे हेमाद्री पञ्चांग कर्म एवं देवता आव्हान के साथ होगा। याज्ञिक सम्राट पं. अक्षयजी शास्त्री के आचार्यत्व में यज्ञ प्रतिदिन दो सत्रों में होगा। प्रथम सत्र प्रातः 8 से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 2:30 से शाम 6 बजे तक चलेगा।

कथा में गूंजेगी देवी महिमा
प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक श्री महादेवी भागवत कथा का वाचन होगा। कथा व्यास प.पू. गुरुदेव आचार्य पं. विनोदजी शर्मा श्रोताओं को देवी महिमा से अवगत कराएंगे। आयोजकों का कहना है कि कथा श्रवण से मनुष्य को भौतिक सुखों के साथ आध्यात्मिक शांति भी प्राप्त होती है।

गंगादशमी पर विशेष अनुष्ठान
26 मई मंगलवार को गंगादशमी के पावन पर्व पर विशेष आयोजन होगा। इस दिन श्री महाकाली, महालक्ष्मी एवं महासरस्वती का सहस्त्र धारा महाभिषेक किया जाएगा। मान्यता है कि गंगादशमी पर देवी अभिषेक से समस्त पापों का नाश होता है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

29 मई को निकलेगी कलश यात्रा
समापन दिवस 29 मई शुक्रवार को प्रातः गंगाजल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। नगर भ्रमण के बाद मंदिर प्रांगण में पूर्णाहुति होगी। इसके पश्चात विशाल भोजन महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। समिति ने हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई है।

“धर्म की जय हो” के संकल्प के साथ आयोजन
समिति के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन “धर्म की जय हो अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो विश्व का कल्याण हो” की भावना के साथ किया जा रहा है। महायज्ञ का उद्देश्य विश्व शांति, राष्ट्र कल्याण एवं जन-जन में सनातन धर्म के प्रति आस्था जागृत करना है।

समिति ने नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सभी सनातनी धर्मालुजनों से सपरिवार पधारकर यज्ञ में आहुति देने एवं कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

एक नजर में कार्यक्रम-

आयोजन: सप्तकुण्डात्मक शतचण्डी महायज्ञ एवं महादेवी भागवत कथा

तिथि: 23 मई से 29 मई 2026

यज्ञ समय: सुबह 8-12, दोपहर 2:30-6

कथा समय: रात्रि 8-11 बजे

स्थान: श्री कालिका माता मंदिर प्रांगण, धामनोद

विशेष: 26 मई को सहस्त्र धारा महाभिषेक, 29 मई को कलश यात्रा एवं महाप्रसादी

 211 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *