रतलाम/ डाक विभाग दे रहा है पोस्टल फ्रेंचाइजी 22 जून तक कर सकते हैं आवेदन

  
Last Updated:  जून 10, 2026 " 07:25 अपराह्न"

Ratlam: डाक विभाग दे रहा है पोस्टल फ्रेंचाइजी 22 जून तक कर सकते हैं आवेदन

 रतलाम 10 जून(स्पष्ट खबर)। अधीक्षक डाकघर रतलाम राजेश कुमावत ने बताया कि  डाक विभाग द्वारा आमजन तक डाक सेवाओं की पहुंच को अधिक सुलभ, प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से रतलाम डाक संभाग के अंतर्गत रतलाम, झाबुआ एवं अलीराजपुर जिलों में स्पीड पोस्ट तथा पार्सल सेवाओं के विस्तार हेतु इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं से डाक फ्रेंचाइजी के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

 भारतीय डाक विभाग देशभर में बुनियादी डाक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए सार्वभौमिक सेवा दायित्व का निर्वहन कर रहा है। वर्तमान में भारत में विश्व का सबसे बड़ा डाक नेटवर्क संचालित है, जिसमें डेढ़ लाख से अधिक डाकघर शामिल हैं। इनमें लगभग 89 प्रतिशत डाकघर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। इसके बावजूद विशेष रूप से तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों में नए डाकघरों की मांग लगातार बनी हुई है।

 इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए भारतीय डाक विभाग ने फ्रेंचाइजी योजना प्रारंभ की है। इस योजना के तहत काउंटर सेवाएं फ्रेंचाइजी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी, जबकि डाक सामग्री का वितरण एवं संप्रेषण कार्य विभाग द्वारा पूर्ववत किया जाता रहेगा।

  फ्रेंचाइजी आउटलेट पर डाक टिकट एवं डाक स्टेशनरी की बिक्री, स्पीड पोस्ट तथा मनीऑर्डर की बुकिंग, एवं पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (पीएलआई) के एजेंट के रूप में कार्य करते हुए प्रीमियम संग्रहण सहित आफ्टर सेल सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

 डाक विभाग के अनुसार इच्छुक आवेदकों के पास उपयुक्त कार्यस्थल, कंप्यूटर संचालन का मूलभूत ज्ञान तथा ग्राहकों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने की क्षमता होना आवश्यक है। चयनित फ्रेंचाइजी को विभाग द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार सेवाओं का संचालन करना होगा।

 डाक विभाग ने इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं से 22 जून तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत करने का अनुरोध किया है। फ्रेंचाइजी योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र अधीक्षक डाकघर, रतलाम कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए सहायक अधीक्षक (मुख्यालय) पी.आर. मीना से मोबाइल नंबर 9024470229 पर संपर्क किया जा सकता है।

 172 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *