रतलाम कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई: 165 आवेदन आए, अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
Last Updated: जून 16, 2026 " 06:20 अपराह्न"
Ratlam : कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई: 165 आवेदन आए, अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
रतलाम,16 जून(स्पष्ट खबर)। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष रतलाम में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित हुई। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन तथा एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और आवेदन लिए। जनसुनवाई में कुल 165 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने निराकरण योग्य प्रकरणों का मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों से तत्काल निराकरण कराया। शेष आवेदनों को समय सीमा में निपटाने के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के प्रमुख प्रकरण:
विष्णुपुरी इन्द्रलोक नगर निवासी राम सेवक सिंह ने बताया कि वे मजदूरी करते हैं। पिछले 10 माह से किडनी रोग से पीड़ित हैं और डॉक्टर ने ऑपरेशन बताया है। उन्होंने आर्थिक सहायता एवं बीपीएल राशन कार्ड के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को कार्यवाही के निर्देश दिए।
ग्राम धराड निवासी प्रकाश पिता लालू ने शिकायत की कि प्रधानमंत्री आवास योजना व शौचालय के लिए आवेदन देने के बाद भी आज तक लाभ नहीं मिला। प्रकरण सीईओ जनपद पंचायत को सौंपा गया।
ग्राम धमोतर के ग्रामीणों ने गांव के बच्चों व युवाओं के लिए खेल मैदान की मांग की। तहसीलदार नामली को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।
आम्बा तहसील पिपलोदा निवासी मनीष सिंह ने बताया कि पटवारी ने उनकी भूमि के सीमांकन में राजस्व अभिलेख व मौके की स्थिति का ध्यान नहीं रखा। पुनः सीमांकन के लिए तहसीलदार पिपलोदा को निर्देश दिए गए।
ग्राम बिरमावल निवासी लालचंद पिता भैरूलाल ने बताया कि ग्राम छत्री स्थित उनकी निजी भूमि की नपती 24 अप्रैल 2026 को पटवारी व आर.आई. द्वारा की जा चुकी है, इसके बाद भी प्रतिप्रार्थी विवाद कर रहा है। संबंधित अधिकारी को कार्यवाही के निर्देश दिए गए।