रतलाम/अनाधिकृत कट एक माह में बंद किए जाएं, सड़क सुरक्षा के सभी हॉटस्पॉट पर संयुक्त दल करे भ्रमण
Last Updated: जुलाई 30, 2026 " 06:54 अपराह्न"
Ratlam: लेबड़-जावरा एवं जावरा-नयागांव फोरलेन मार्ग पर झाड़ियों और नालियों की तत्काल साफ-सफाई करें
रतलाम 30 जुलाई(स्पष्ट खबर)। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक पुलिस अधीक्षक अमित कुमार की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग के महेंद्र चौहान अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभिन्न विभागों को समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लेबड़-जावरा एवं जावरा-नयागांव फोरलेन मार्ग पर झाड़ियों एवं नालियों की तत्काल साफ-सफाई कराने तथा पूर्व बैठकों में एमपीआरडीसी को दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही खराब स्पीड ब्रेकरों का शीघ्र सुधार कराने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्देश दिए गए कि जिले के सभी अनाधिकृत कटों की सूची तैयार कर एक माह के भीतर उन्हें बंद किया जाए। जिला परिवहन अधिकारी को स्कूल बसों की नियमित जांच करने, अवैध बस स्टॉप पर कार्रवाई करने तथा ओवर स्पीड वाहनों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नवीन ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनका सुधार करने, रेड स्पॉट एवं प्रधानमंत्री राहत योजना की समीक्षा करने तथा सभी हॉटस्पॉट पर पुलिस, परिवहन एवं संबंधित विभागों के संयुक्त दल द्वारा नियमित भ्रमण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 108 एंबुलेंस सेवा का एक प्रतिनिधि पुलिस कंट्रोल रूम में समन्वय के लिए उपलब्ध रहेगा, जिससे दुर्घटना की सूचना का त्वरित आदान-प्रदान हो सके और घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने मेडिकल कॉलेज के बाहर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।