रतलाम ग्रामीण तहसील के चार परिवीक्षाधीन पटवारियों की सेवाएं समाप्त
Last Updated: अक्टूबर 7, 2026 " 08:48 अपराह्न"
रतलाम ग्रामीण तहसील के चार परिवीक्षाधीन पटवारियों की सेवाएं समाप्त
Ratlam: स्वामित्व योजना की प्रगति एवं परिवीक्षा अवधि के समग्र कार्य निष्पादन के मूल्यांकन के आधार पर लिया गया निर्णय
रतलाम 7 अक्टूबर(स्पष्ट खबर)। कलेक्टर एवं नियुक्तिकर्ता प्राधिकारी अजय कटेसरिया ने रतलाम ग्रामीण तहसील में पदस्थ चार परिवीक्षाधीन पटवारियों अंकित गुप्ता, शैलेन्द्र प्रताप राठौड़, सौरभ पुरोहित एवं यशवर्धन शर्मा की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय परिवीक्षा अवधि के दौरान उनके कार्य निष्पादन, निर्धारित दायित्वों के निर्वहन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन के समग्र मूल्यांकन के आधार पर लिया गया है।
मध्यप्रदेश शासन के राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के अंतर्गत स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन के लिए समयबद्ध अभियान संचालित किया जा रहा है। योजना के क्रियान्वयन में पटवारियों को हितग्राहियों एवं आवेदकों के सत्यापन, आवेदन संबंधी कार्रवाई, संबंधित अधिकार अभिलेखों एवं विलेखों को अद्यतन रखने तथा निर्धारित कार्यों के समयबद्ध निष्पादन का दायित्व सौंपा गया है। अभियान के अंतर्गत कर्मचारियों के कार्य निष्पादन एवं निर्धारित लक्ष्यों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
संबंधित पटवारियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अपेक्षित प्रगति एवं सौंपे गए दायित्वों का संतोषजनक निर्वहन नहीं पाया गया। उपलब्ध अभिलेखों तथा परिवीक्षा अवधि के दौरान किए गए कार्यों के समग्र मूल्यांकन के आधार पर नियुक्तिकर्ता प्राधिकारी द्वारा उन्हें पटवारी पद पर सेवा में बनाए रखना उपयुक्त नहीं पाया गया।
सेवा समाप्ति का निर्णय परिवीक्षा संबंधी प्रावधानों एवं नियुक्ति की शर्तों के अधीन लिया गया है। अंकित गुप्ता के संबंध में जारी आदेश में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (सेवा की सामान्य शर्तें) नियम, 1961 के नियम 8(4) तथा नियुक्ति आदेश में वर्णित परिवीक्षा संबंधी शर्तों का उल्लेख किया गया है।
तहसीलदार, रतलाम ग्रामीण को संबंधित पटवारियों से प्रभार एवं समस्त शासकीय अभिलेख तत्काल प्राप्त करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की प्रतियां जिला कोषालय अधिकारी, भू-अभिलेख शाखा एवं संबंधित पटवारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई हैं।