रतलाम/भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर रानीसिंग में विशाल मूर्ति का अनावरण, आदिवासी चिंतन शिविर भी होगा
Last Updated: नवम्बर 10, 2026 " 07:52 अपराह्न"
Ratlam:सैलाना विधायक ने निर्माण स्थल का लिया जायजा, बोले – यह प्रतिमा आदिवासी अस्मिता की प्रेरणा बनेगी
सुनील सिंह परिहार रतलाम /सैलाना(स्पष्ट खबर)। रतलाम जिले के सैलाना विधानसभा के ग्राम रानीसिंग में 15 नवंबर, भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। इस दिन ग्राम में भगवान बिरसा मुंडा की विशाल मूर्ति का अनावरण एवं आदिवासी चिंतन शिविर का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने सोमवार को सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ग्राम रानीसिंग पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन मूर्ति स्थल का अवलोकन किया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम सरपंच अंबाराम गरवाल, जिनेंद्र मुनिया, दिलीप गरवाल, बहादुर देवदा सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
विधायक डोडियार ने कहा कि, “बिरसा मुंडा की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता के संघर्ष के लिए प्रेरित करेगी। भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को अपनी पहचान और अधिकारों के लिए लड़ना सिखाया, उनकी यह मूर्ति उसी गौरव का प्रतीक होगी।”
मूर्ति अनावरण समारोह के पश्चात आदिवासी चिंतन शिविर का आयोजन होगा। शिविर में आदिवासी समाज की सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक उन्नति तथा संवैधानिक अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा होगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत सहित डूंगरपुर, बांसवाड़ा एवं प्रतापगढ़ जिलों के विधायक शामिल होंगे।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने क्षेत्र के सभी समाजजनों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं से 15 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में ग्राम रानीसिंग पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।