रतलाम में महिपाल सिंह मकराना को डिटेन किया गया, करणी सेना की यूजीसी विरोधी रेली पर ब्रेक
Last Updated: नवम्बर 11, 2026 " 05:47 अपराह्न"
Ratlam:यूजीसी विरोध में बिना अनुमति रैली निकालने पर अड़े करणी सेना कार्यकर्ता, पुलिस ने दर्जनों को हिरासत में लिया
रतलाम(स्पष्ट खबर)। शहर के शास्त्री नगर स्थित राजपूत बोर्डिंग हाउस परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूजीसी नियमों के विरोध में बिना प्रशासनिक अनुमति रैली निकालने की तैयारी कर रहे करणी सेना के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते पूरा शास्त्री नगर इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया सहित जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा।
दो बत्ती से डिटेन कर सैलाना ले जाए गए राष्ट्रीय अध्यक्ष
कार्रवाई के दौरान श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना को रतलाम के दो बत्ती क्षेत्र से डिटेन किया गया। सुरक्षा कारणों से पुलिस उन्हें रतलाम से सैलाना थाने ले गई, जहां वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार यूजीसी के विरोध में करणी सेना के कार्यकर्ता बुधवार को बड़ी संख्या में शास्त्री नगर स्थित राजपूत बोर्डिंग में एकत्रित हुए थे। प्रशासन द्वारा रैली की अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद कार्यकर्ता जुलूस निकालने पर अड़े रहे। इस दौरान “Go Back UGC” के जमकर नारे लगे।
पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाइश के बाद भी जब कार्यकर्ता नहीं माने तो पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पुलिस वाहनों में भरकर ले जाना शुरू कर दिया।
वैधानिक कार्रवाई जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो ने बताया, “क्षेत्र में बिना अनुमति रैली निकालने पर प्रतिबंधात्मक आदेश पहले से लागू हैं। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति रैली निकाली जा रही थी। समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर करीब 40 से 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।