मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में बोले मोदी- देश में नया लॉकडाउन नहीं लगेगा, हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने पर फोकस
Last Updated: जून 18, 2020 " 01:59 पूर्वाह्न"
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कोरना से सबसे ज्यादा प्रभावित 15 राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा की। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की शुरुआत मोदी ने भारत-चीन की सेना के बीच हुए विवाद पर बयान के साथ की। जवानों की शहादत पर दो मिनट का मौन भी रखा गया।
इसके बाद करीब एक घंटे चर्चा के बाद मोदी ने कहा कि कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने पर हमारा फोकस होना चाहिए। गुजरात के डिप्टी सीएम नितिन पटेल भी इस बैठक में थे। उन्होंने बताया कि मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा है कि कोई नया लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि देशभर में ऐसी अफवाहें हैं कि लॉकडाउन लगाया जाएगा, पर ऐसी कोई योजना नहीं है।
मोदी बोले- नागरिक पहले से ज्यादा सचेत हुए
कोरोना प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लॉकडाउन में लाखों लोगों को ट्रेस किया गया। आज देश का हर नागरिक वायरस के प्रति पहले से ज्यादा सचेत हुआ है।
उन्होंने कहा-हमें हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर, इन्फॉर्मेशन सेक्टर, पब्लिक पार्टिसिपेशन पर इसी तरह जोर देना होगा। हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। टेस्टिंग पर हमें जोर देना होगा, ताकि संक्रमित को ट्रेस कर सकें और इलाज करसकें।
मोदी ने कहा कि हमें कोरोनावायरस के खिलाफ जंग जारी रखनी है और साथ ही साथ इकोनॉमी का भी ध्यान रखना है। निवेश बढ़ाने के लिए हमें रोजगार और व्यापार को बढ़ावा देना होगा।कोरोनावायरस के खिलाफ जंग मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और स्वच्छता के जरिए जारी रहेगी।