रतलाम/ सैलाना नगर परिषद में 19 लाख का घोटाला उजागर, जेटिंग मशीन की जगह थमा दी सक्शन मशीन
Last Updated: मई 19, 2026 " 08:15 अपराह्न"
GeM पर 5 लाख सस्ती मशीन 18.98 लाख में खरीदी, विधायक डोडियार ने कलेक्टर-प्रमुख सचिव को भेजी शिकायत
सैलाना, रतलाम(स्पष्ट खबर)। सैलाना नगर परिषद में GeM पोर्टल से खरीदी गई सक्शन कम जेटिंग मशीन में बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने इस मामले में मोर्चा खोलते हुए प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास विभाग भोपाल तथा कलेक्टर रतलाम को लिखित शिकायत भेजी है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
मामला GeM Bid No. GEM/2025/B/6317889 से जुड़ा है। नगर परिषद सैलाना ने M/s Hind Trading Co., इंदौर को एल-1 ठेकेदार घोषित कर 18 सितंबर 2025 को ₹18,98,000 का कार्यादेश जारी किया और भुगतान कर दिया। विधायक डोडियार का आरोप है कि खरीदी प्रक्रिया में GeM के नियमों को खुलेआम दरकिनार किया गया। निविदा दस्तावेज में अतिरिक्त शर्तें और आइटम जोड़कर मनमानी की गई।
शिकायत के अनुसार जिस मशीन की बाजार कीमत और GeM पर उपलब्ध दर लगभग 5 लाख रुपये कम है, उसी मशीन के लिए नगर परिषद ने करीब 19 लाख रुपये खर्च कर दिए। इससे सीधे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया गया है।
मामले का सबसे गंभीर पहलू तकनीकी गड़बड़ी है। बिड दस्तावेज में स्पष्ट रूप से IS 13496, IS 8213 और IS 11387 मानकों वाली संयुक्त Suction Cum Jetting Machine खरीदी जाना दर्शाया गया था। लेकिन मौके पर जो मशीन उपलब्ध कराई गई वह केवल एक सामान्य Vacuum Emptier निकली। यानी कागजों में जेटिंग मशीन और जमीन पर सिर्फ सक्शन मशीन दी गई।
विधायक ने बताया कि इस पूरे प्रकरण के 22 पृष्ठों के दस्तावेज मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा “सत्य प्रतिलिपि” प्रमाणित कर उपलब्ध कराए गए हैं। इससे साफ है कि भुगतान संबंधित अधिकारी की जानकारी और सहमति से हुआ है।
विधायक डोडियार की प्रमुख मांगें:
वरिष्ठ अधिकारी से तत्काल जांच कराई जाए।
तकनीकी समिति से मशीन का वास्तविक मूल्यांकन कराया जाए।
अधिक भुगतान की गई राशि की वसूली की जाए।
जांच पूरी होने तक मुख्य नगरपालिका अधिकारी को वित्तीय अधिकारों से पृथक किया जाए।
विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जांच में आरोप सही साबित हुए तो नगर परिषद में हुए अन्य कार्यों और खरीदी की फाइलें भी खुलवाई जाएंगी। इससे बड़ा भ्रष्टाचार उजागर होने की संभावना है। सैलाना में यह मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है।