दतिया में गरजे सीएम मोहन यादव, बोले- यह चुनाव राजा और रंक का है

  
Last Updated:  जुलाई 14, 2026 " 01:28 अपराह्न"

दतिया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Madhya Pradesh’s Chief Minister Dr. Mohan Yadav) ने दतिया (Datia) उपचुनाव में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बीजेपी के लिए “राजा और रंक” का चुनाव है। कांग्रेस और उसकी मानसिकता जमीन पर टिकने वाली नहीं है। इन्हें जमीन का होश नहीं है और ये सारा आसमान खरीदने की बात करते हैं।

“जनता को बेवकूफ बनाती है कांग्रेस”
सीएम ने कहा कि जो नाटक कांग्रेस के बड़े नेता के नाना ने किया, नानी ने किया, माता-पिता ने किया, वही नाटक अब ये बड़े नेता कर रहे हैं। ये केवल जनता को बेवकूफ बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस 1956 में पहली बार राज्य की सत्ता में आई। तब से लेकर साल 2002-03 तक प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपये साल थी। लेकिन बीजेपी के शासनकाल में दतिया कहां से कहां पहुंच गया। दतिया का जो विकास हुआ है वो भाजपा की ही देन है।
सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में पहले डाकू और फिर नक्सली खून की नदियां बहाते थे। इस पर भी कांग्रेस के लोगों को शर्म नहीं आती थी। कांग्रेस केवल वोट बैंक की राजनीति करती है, उसे जनता से कोई मतलब नहीं है।

“दतिया के विकास में कोई कमी नहीं होगी”
डॉ. यादव ने कहा कि “बिल्ली के भाग से छीका नहीं टूटता।” पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बैठे रहें उम्मीद में। यहां पार्टी का कोई उम्मीदवार नहीं है, बस हमारी पार्टी है भारतीय जनता पार्टी। उसके लिए चुनाव चिन्ह भगवान के बराबर है। चुनाव के वक्त हमारा हर कार्यकर्ता प्रत्याशी होता है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि दतियावासी अगर 100 करोड़ रुपये का भी काम बताएंगे तो वो भी हम करने के लिए तैयार हैं। हमारी सरकार के पास काम की कोई कमी नहीं होगी।

“MP आगे बढ़ रहा है”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश आगे बढ़ रहा है। हाल ही में गुना-शिवपुरी में करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट का भूमि-पूजन हुआ है। आज प्रदेश को 40 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। महाकाल लोक बनने के बाद उज्जैन एक अलग दौर में पहुंच गया है। इसके अलावा देश के सभी तीर्थ भी अब नई ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने संकल्प लिया है कि जहां-जहां भगवान श्री राम और श्री कृष्ण के चरण पड़े हैं, उस हर स्थान को तीर्थ के रूप में विकसित करेंगे।

“कांग्रेस UCC पर बात नहीं कर पा रही”
सीएम ने समान नागरिक संहिता का मुद्दा भी उठाया। कहा कि जब एक देश, एक विधान, एक प्रधान, एक राष्ट्रगान, एक निशान है तो अलग-अलग वर्गों के लिए अलग-अलग कानून क्यों होने चाहिए। आज कांग्रेस समान नागरिक संहिता पर चर्चा करने को भी तैयार नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति विकास के बजाय जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने की रही है। 55 साल में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। कांग्रेस की परंपरा है कि वह नेताओं के करीबियों और रिश्तेदारों को टिकट दे देती है। यह परंपरा उसे ही मुबारक।
“हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं को लेकर चलती है। हमारी पार्टी राजा-महाराजा की पार्टी नहीं है। यह सनातन संस्कृति की पार्टी है। हम सब मिलकर यहां विजय हासिल करेंगे। दुश्मन चालाक है, वह आंख में धूल झोंकने की कोशिश करेगा, लेकिन हम ये होने नहीं देंगे।

 128 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *