( खुशियों की दास्तां) संजय का चयन वेटनरी पॉलिटेक्निकल डिप्लोमा महाविद्यालय भोपाल में पशुपालन डिप्लोमा के लिए हुआ है।
Last Updated: फ़रवरी 26, 2021 " 08:41 अपराह्न"
रतलाम|जनजाति कार्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन और शिक्षा गुणवत्ता के लिए किए जा रहे प्रयासों का प्रतिफल विद्यार्थियों के विभिन्न क्षेत्रों में अध्ययन हेतु हो रहे चयन से परिलक्षित हो रहा है। रतलाम जिले के आदिवासी अंचल सैलाना अंतर्गत भीलों की खेड़ी निवासी संजय निनामा का चयन वेटनरी पॉलिटेक्निकल डिप्लोमा महाविद्यालय भोपाल में पशुपालन डिप्लोमा के लिए हुआ है। जनजाति कार्य विभाग के प्रभारी सहायक आयुक्त श्री एम. एल .आर्य और सहायक संचालक श्री अकील खान के मार्गदर्शन में जिले के सैलाना एवं बाजना विकासखंड क्षेत्रों में शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों में विज्ञान, कृषि एवं अन्य विषयों की संभावनाओं को पहचान कर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया जा रहा है।इसी प्रयास के प्रतिफल में कृषि उपज मंडी सैलाना के अर्धशासकीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्री विनोद निनामा एवं श्रीमती नर्मदाबाई निनामा के पुत्र संजय निनामा का चयन नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर द्वारा संचालित वेटरनरी पॉलिटेक्निकल डिप्लोमा महाविद्यालय भोपाल के लिए हुआ है। संजय ने पशुपालन डिप्लोमा प्रवेश परीक्षा की तैयारी शासकीय उत्कृष्ट बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सैलाना के शिक्षक श्री सतीश यादव के मार्गदर्शन में की थी। इसके फलस्वरूप संजय का चयन उच्च शिक्षण के लिए सत्र 2021-22 हेतु पशुपालन डिप्लोमा 2 वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। शिक्षा के प्रति संजय की रूचि प्रारंभ से ही रही और सैलाना में ही उन्होंने शिक्षा प्राप्त की। हायर सेकेंडरी की परीक्षा भी संजय ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। इस पाठ्यक्रम के लिए चयनित होने पर संजय प्रसन्न है और विभागीय योजनाओं के माध्यम से उन्हें मिली इस उपलब्धि पर हर्षित भी है।