Ratlam: न.प सैलाना की अतिक्रमण हटाओ मुहिम की इतिश्री पूरी
Last Updated: जून 13, 2024 " 06:04 अपराह्न"
सुनिलसिंह परिहार रतलाम/सैलाना। नगर परिषद सैलाना में जिम्मेदारों से व्यवस्थाएं संभालती नही दिख रही है। नगर में पेयजल सफाई तथा अन्य मुद्दों पर पार्षदों द्वारा किया धरना-प्रदर्शन का मुद्दा अभी शांत भी नहीं हुआ था की आधी अधूरी और बेमन से चलाई अतिक्रमण की मुहिम की इतिश्री पूरी हो गई।
नगर सुरक्षा शांति समिति की बैठक जब भी होती है तब नगर के नागरिको बुद्धिजीवियों विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी द्वारा नगर में बेतरतीब तरीके से फेले अतिक्रमण और उससे होने वाली परेशानियों का मुद्दा हर बार चर्चा का मुख्य विषय बनता है वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अतिक्रमण के विषय में कार्यवाही करने की बात तो की जाती है, लेकिन प्रभावी कार्यवाही नहीं होती हैं।
आज 13 जून को भी नगर परिषद सैलाना के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनिल जोशी अपनी पूरी टीम दलबल के साथ नगर के अतिक्रमण समस्या को दूर करने के लिए अतिक्रमण हटाओ मुहिम पर निकले।
नगर परिषद सैलाना के अतिक्रमण हटाओ अमले को देखकर आम नागरिकों में यह आस जगी कि अब नगर अतिक्रमण मुक्त हो जाएगा और आम नागरिकों को कोई परेशानी नहीं होगी लेकिन हर बार की तरह इस बार भी नगर परिषद सैलाना की अतिक्रमण हटाओ मुहिम फिसड्डी ही साबित हुई।
नगर परिषद सैलाना के अतिक्रमण हटाओ दल को मुख्य मार्ग अस्पताल,पुलिया धार्मिक स्थल रोड पर हो रहा अतिक्रमण नहीं दिखा जिससे कभी यातायात बाधित होता है तो अस्पताल में मरीजों को लाने ले जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है ।
स्टेट बैंक बना यातायात में बाधक: नगर के बीचों बीच स्थित भारतीय स्टेट बैंक के कारण आए दिन होने वाले जाम यातायात प्रभावित का कोई स्थाई समाधान नहीं निकलने से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। शासन के स्पष्ट निर्देश है की संबंधित बैंक को अपने ग्राहकों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था जलपान की व्यवस्था आदि उपलब्ध कारण अनिवार्य है सैकड़ो खातेदार होने के बावजूद भी बैंक द्वारा पार्किंग के लिए कोई उचित कार्यवाही नहीं की गई है। शांति समिति नगर सुरक्षा समिति की अहम बैठक में एसडीएम सैलाना मनीष जैन ने बैंक के मैनेजर को बुलाकर इस विषय में कार्रवाई करने की हिदायत भी दी थी। स्टेट बैंक सैलाना पर कार्यवाही नहीं करने पर कुछ दुकानदारों से सीएमओ अनिल जोशी की बहस भी हुई जब वह उनके खिलाफ कार्रवाई की बात करने लगे थे।
नगर परिषद सैलाना के सीएमओ अनिल जोशी के नेतृत्व में चली अतिक्रमण हटाओ मुहिम के दौरान कुछ लोगों को समझाइस देकर एक दो लोगों का सामान जप्त कर मुहिम समाप्त हो गई। अतिक्रमण हटाओ मुहिम में सीएमओ अनिल जोशी,दौलतराम मकवाना, महेश तंवर,दीपक गोयल, नवीन ग्वाले पुलिस थाना सैलाना के उप निरीक्षक रमेश चंद्र शारस्वत, एएसआई शिवजी यादव, सहित अन्य मौजुद थे।