रतलाम/धामनोद के भावेश राव बने स्टेट शूटिंग चैंपियन, 5 पदकों के साथ किया जिले का नाम रोशन
Last Updated: जुलाई 21, 2026 " 09:18 अपराह्न"
Ratlam: सीमित संसाधनों के बावजूद कृषक परिवार के बेटे ने दिखाया दम, 3 स्वर्ण और 2 रजत पदक अपने नाम किए
रतलाम,(स्पष्ट खबर )। मध्यप्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा 14 से 22 जुलाई 2026 तक इंदौर (Indore) स्थित एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित 29वीं मध्यप्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जिले के धामनोद गांव के होनहार निशानेबाज भावेश राव (bhavesh rao) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टेट चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
भावेश ने इस प्रतियोगिता में कुल 5 पदक जीते। जिसमें 3 स्वर्ण और 2 रजत पदक शामिल हैं। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल उनके गांव धामनोद, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित हुआ है।
कोच के मार्गदर्शन में मिली सफलता भावेश राव वर्तमान में रतलाम स्थित Aimers Shooting Academy में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्हें स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) से एनएस-एनआईएस, पटियाला प्रमाणित कोच भूपेंद्र सिंह सिसोदिया का मार्गदर्शन प्राप्त है। कोच के अनुशासित प्रशिक्षण और भावेश की कड़ी मेहनत का परिणाम आज सभी के सामने है।
इस उपलब्धि पर कोच भूपेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा, “भावेश ने अपने अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि यदि खिलाड़ी मेहनत करे और परिवार का विश्वास उसके साथ हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। हमें विश्वास है कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।”
कृषक परिवार का बेटा बना मिसाल भावेश एक कृषक परिवार से आते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनके पिता हरिओम राव ने बेटे की प्रतिभा पर भरोसा जताते हुए उन्हें शूटिंग जैसे चुनौतीपूर्ण और महंगे खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। परिवार के निरंतर सहयोग के कारण ही भावेश आज इस मुकाम तक पहुंच सके हैं।
भावेश के परिजनों ने कहा कि उन्हें अपने बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने कोच भूपेंद्र सिंह सिसोदिया एवं Aimers Shooting Academy का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण के कारण ही यह सफलता संभव हुई है।
क्षेत्र में खुशी की लहर भावेश राव की इस शानदार सफलता पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, शुभचिंतकों एवं ग्रामवासियों ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। खिलाड़ियों के लिए भावेश की यह उपलब्धि प्रेरणा का स्रोत बनी है।