रतलाम/कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने ज्ञानार्जन लाइब्रेरी का शुभारंभ कर किया निरीक्षण

  
Last Updated:  नवम्बर 6, 2026 " 09:31 अपराह्न"

Ratlam:कलेक्टर ने पुस्तकें देखी, विद्यार्थियों के साथ बैठकर किया संवाद, जानी अध्ययन संबंधी जरूरतें

मात्र 1 रुपए प्रति घंटे में मिलेगी अध्ययन सुविधा, दीदियां करेंगी लाइब्रेरी का संचालन

रतलाम 6 नवंबर (स्पष्ट खबर)।जिले के विद्यार्थियों एवं युवाओं को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी 6 विकासखंडों में ज्ञानार्जन लाइब्रेरी प्रारंभ की गई हैं। शुक्रवार को कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचेड़ में ज्ञानार्जन लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। इसके साथ ही जावरा, पिपलोदा एवं पंचेड़ स्थित लाइब्रेरी का निरीक्षण भी किया। इस दौरान विधायक मथुरालाल डामर, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य प्रदीप उपाध्याय तथा सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया ने लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर संवाद किया तथा उनके विचार जाने। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई एवं अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली।

Ad

पंचेड़ में लाइब्रेरी के निर्माण के लिए जिला पंचायत सदस्यों द्वारा 15वें वित्त आयोग की निधि से 5 लाख रुपए तथा जनसहयोग से 1 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। विधायक मथुरालाल डामर ने लाइब्रेरी में एसी एवं इन्वर्टर की व्यवस्था के लिए विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन खंड पंचायत अधिकारी कमलेश पालीवाल ने किया तथा आभार सीईओ जनपद पंचायत रतलाम मनीष भंवर ने व्यक्त किया।

जिले के सभी 6 विकासखंडों में स्थापित हुईं लाइब्रेरी

जिले के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी 6 विकासखंडों में ज्ञानार्जन लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं। विकासखंड रतलाम के ग्राम पंचेड़ में प्राथमिक विद्यालय भवन तथा आलोट में नागेश्वर रोड, दशहरा मैदान के सामने स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में लाइब्रेरी विकसित की गई है। वहीं बाजना, पिपलोदा, जावरा एवं सैलाना में जनपद पंचायत परिसर में लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं।

कंप्यूटर, इंटरनेट एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री उपलब्ध

ज्ञानार्जन लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए आरामदायक कुर्सी-टेबल, विभिन्न विषयों की पुस्तकें, प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री, कंप्यूटर सिस्टम एवं हाईस्पीड इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विद्यार्थी यहां ऑनलाइन अध्ययन, ई-लर्निंग एवं डिजिटल शैक्षणिक सामग्री का उपयोग कर सकेंगे। लाइब्रेरी में शांत एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया गया है, जिससे विद्यार्थी एकाग्रता के साथ अध्ययन कर सकें।

दीदियां करेंगी संचालन, साथ में होगा दीदी कैफे

ज्ञानार्जन लाइब्रेरी का संचालन आजीविका मिशन से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक लाइब्रेरी के साथ दीदी कैफे भी संचालित होगा, जहां विद्यार्थियों को चाय, कॉफी एवं हल्के नाश्ते की सुविधा मिलेगी। इससे महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों को आजीविका एवं स्वरोजगार का अवसर भी मिलेगा।

मात्र 1 रुपए प्रति घंटे में मिलेगी अध्ययन सुविधा

ज्ञानार्जन लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को मात्र 1 रुपए प्रति घंटे की दर से अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक अध्ययन संसाधनों का लाभ मिल सकेगा। जिले में इन लाइब्रेरी की स्थापना से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उच्च शिक्षा एवं नियमित अध्ययन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

 159 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *