ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 : अरुंधति चौधरी ने जड़ा गोल्डन पंच, बॉक्सिंग में भारत को पांचवां स्वर्ण
Last Updated: अगस्त 1, 2026 " 11:49 अपराह्न"
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026: भारतीय महिला मुक्केबाजों का ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में विजय अभियान शनिवार को भी जारी रहा। राजस्थान के कोटा की अरुंधति चौधरी ने महिलाओं के 70 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड की चैंटली रीड को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
रिंग में शुरू से ही आक्रामक दिखीं अरुंधति ने तकनीक और ताकत के दम पर मेजबान देश की मुक्केबाज को कोई मौका नहीं दिया। पहला राउंड उन्होंने 4-1 के अंतर से जीता। दूसरे राउंड में उनका दबदबा और बढ़ा और पांचों जजों ने 5-0 से यह राउंड उनके पक्ष में दिया। तीसरे और निर्णायक राउंड में भी अरुंधति ने लगातार पंच बरसाकर जीत पक्की कर ली।
इस जीत के साथ भारत के खाते में ग्लास्गो CWG में बॉक्सिंग का यह पांचवां स्वर्ण पदक आया। इसके साथ ही बॉक्सिंग में भारत के कुल 6 पदक हो गए हैं, जिसमें 5 स्वर्ण और 1 रजत शामिल है।
34 पर पहुंची भारत की पदक संख्या अरुंधति के स्वर्ण के साथ ही ग्लास्गो CWG में भारत के कुल पदकों की संख्या 34 हो गई है। भारत के नाम अब 11 स्वर्ण, 15 रजत और 8 कांस्य पदक हैं। इस प्रदर्शन के दम पर भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
भारत अब पदकों के मामले में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और कनाडा से पीछे है। बॉक्सिंग में भारत के अभी 4 और स्वर्ण पदक के मुकाबले बाकी हैं, जिससे पदकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। कोटा की अरुंधति की इस जीत से राजस्थान में भी जश्न का माहौल है।