Ratlam:जनसुनवाई में आए 46 आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए
Last Updated: मार्च 5, 2024 " 07:38 अपराह्न"
रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस दौरान 46 आवेदन प्राप्त हुए, आवेदनों के निराकरण हेतु अपर कलेक्टर आर.एस. मण्डलोई, संयुक्त कलेक्टर अनिल भाना, डिप्टी कलेक्टर संजय शर्मा द्वारा संबंधित विभागो के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान रतलाम निवासी कविता सोलंकी ने आवेदन किया कि प्रार्थिया के पति द्वारा पंजाब नेशनल बैंक धानमंडी रतलाम में बैंक खाता खुलवाया गया था। पति की मृत्यु के उपरांत पुलिस विभाग द्वारा वर्ष 2021 में पीपीओ की मूल प्रति बैंक को प्रेषित की गई थी किन्तु बैंक द्वारा गंभीर लापरवाही बरतते हुए उक्त पीपीओ की प्रति गुम कर दी गई जिससे विगत ढाई वर्षों से पेंशन शुरु नहीं हुई है। विगत छह माह से बैंक के चक्कर लगाए जाने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। उचित कार्यवाही कर पेंशन जारी करवाने का कष्ट करें। आवेदन निराकरण के लिए जिला पेंशन अधिकारी को प्रेषित किया गया है।
डोसी गांव निवासी बिरमा ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि प्रार्थिया के पति द्वारा संबल कार्ड बनाने के लिए आवेदन दिया गया था। विगत 8 जनवरी को पति की मृत्यु हो गई है जिससे मुझे संबल योजना का लाभ प्राप्त नहीं हो पा रहा है। यदि समय रहते मेरे पति का संबल कार्ड बन जाता तो मुझे योजना का लाभ प्राप्त हो सकता था। प्रार्थिया को अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ जीवन व्यतीत करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। कृपया योजना का लाभ प्रदान किया जाए। आवेदन निराकरण के लिए सीईओ जनपद रतलाम को भेजा गया है। ग्राम इसरथुनी निवासी अमृतलाल धाकड ने आवेदन देते हुए कि प्रार्थी की कृषि भूमि 8 लेन हाइवे में चली गई है जिसमें से प्रार्थी को 11 बिस्वा जमीन की मुआवजा राशि प्राप्त हुई है, शेष 8 बिस्वा जमीन की मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया है। उक्त भूमि पर सीमांकन भी हो चुका है और एन.आर.सी. द्वारा मौका मुआयना भी किया जा चुका है। उक्त मुआवजा राशि के सम्बन्ध में बात करने पर टालमटोल की जा रही है। शेष मुआवजा राशि का भुगतान करवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए एसडीएम ग्रामीण को प्रेषित किया गया है।
पंचेड निवासी मुकेश जाट ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी द्वारा पी.एम. किसान सम्मान निधि में पंजीयन करवाया था। पंजीयन के पश्चात् दो किश्ते प्रार्थी को प्राप्त हुई है उसके बाद से आज दिनांक तक पी.एम. किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्त नहीं हुई है। इस सम्बन्ध में पटवारी से भी सम्पर्क किया गया लेकिन फिर भी समस्या यथावत बनी हुई है, कृपया निराकरण कर राशि का भुगतान करवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार ग्रामीण को प्रेषित किया गया है।
ग्राम रेन निवासी दुर्गाबाई ने बताया कि प्रार्थिया की भूमि ग्राम रेन में है जिस पर कृषि कार्य कर परिवार का जीवनयापन किया जाता है। प्रार्थिया के प्लाट पर समीपस्थ व्यक्तियों द्वारा स्वामित्व योजना में गलत प्रविष्टि किए जाने से काफी परेशानी का सामना करना पड रहा है। स्वामित्व योजना अन्तर्गत त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि में सुधारकर नई प्रविष्टि की जाए। आवेदन तहसीलदार रतलाम को निराकरण के लिए प्रेषित किया गया है। ग्राम दूधिया निवासी रतनबाई भांभी ने जनसुनवाई के दौरान आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया ग्राम दूधिया में निवासरत है तथा उसके पास न तो मकान है और ना ही कोई कृषि भूमि, प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम आने के बाद भी प्रार्थिया को योजना का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। प्रार्थिया को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान किया जाए। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार आलोट को प्रेषित किया गया है।