Ratlam: सीएमएचओ ने स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया
Last Updated: अप्रैल 22, 2024 " 08:16 अपराह्न"
रतलाम। सीएमएचओ डॉ. आनंद चंदेलकर ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति में सुधार के लिए विभिन्न ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ. चंदेलकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरमावल पहुंचे। केंद्र पर प्रसव पश्चात देखभाल, वार्ड में भर्ती प्रसूताओं से चर्चा कर उनके हालचाल जाने। केंद्र पर प्रसूता द्वारा नवजात शिशु को जन्म के बाद स्तनपान नहीं कराना पाया गया। उन्होंने प्रसूता को परामर्श प्रदान कर स्तनपान कराया जाना सुनिश्चित किया। सीएमएचओ ने बताया कि प्रसव के 1 घंटे के भीतर स्तनपान, प्रसव के बाद छः माह तक केवल स्तनपान, छः माह बाद पूरक पोषण आहार प्रारंभ कराना तथा शिशु को 2वर्ष तक स्तनपान जारी रखने से सभी आवश्यक पोषक तत्वों की कमी पूरी की जा सकती है। मां का पहला गाढा दूध नवजात शिशु के लिए अमृत समान है। उन्होंने सभी प्रसव केंद्रों पर इसका कडाई से पालन करने एवं परामर्श देने के कार्य में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के विरूद्व कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ ने उप स्वास्थ्य केंद्र बिबडोद का निरीक्षण किया, केंद्र पर ताला लगा हुआ पाया गया। सीएचओ द्वारा क्षेत्र में टीकाकरण होने से क्षेत्र में कार्य पर होना बताया गया। उन्होने इस संबंध में सीएचओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उप स्वास्थ्य केंद्र कनेरी और उप स्वास्थ्य केंद्र सागोद में सीएचओ एवं विभागीय कर्मचारियों का कार्य संतोषजनक पाया गया। सीएमएचओ द्वारा केंद्रों पर निरीक्षण के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, परिवार कल्याण सेवाओं, असंचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, एडल्ट बीसीजी वैक्सीनेशन तथा दवाईयों की उपलब्धता, आवश्यक जांच हेतु उपकरणों की उपलब्धता आदि अनेक बिंदुओं पर रिकार्ड का अवलोकन कर सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान विभिन्न सुपरवाइजर एवं मैदानी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।