Ratlam:महीनों से पुलिया निर्माण अधुरा, नागरिकों में पनप रहा भारी आक्रोश
Last Updated: जून 23, 2024 " 09:44 पूर्वाह्न"
धामनोद में प्राथमिक विद्यालय, आंगनवाड़ी केन्द्र, मुक्तिधाम पहुंच मार्ग हुआ अवरूद्ध
रतलाम/धामनोद। महीनों से पुलिया निर्माण कार्य अधुरा, ना वैकल्पिक मार्ग नाही निर्माणाधीन पुलिया पर चेतावनी संकेतक, किचड़ में जान जोखिम में डालकर नाला पार कर रहें नागरिक, बारिश से किचड़ पसरा पैदल नाला पार करना भी हुआ मुश्किल। जवाबदार अधिकारियों एवं ठेकेदार की मिली भगत से लाखों के निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन हो कर कछुआ चाल से किया जा कर भयंकर अनियमितताएं की जा रही हैं।
मामला कुछ इस प्रकार है कि जिले की नगर परिषद धामनोद के वार्ड क्रमांक 12 दीनदयाल नगर पहुंच मार्ग पर पुरानी पुलिया की ऊंचाई कम होने के कारण इसको लाखों रुपए की लागत से नवीन निर्माण कार्य शुरू किया है लेकिन पुलिया निर्माण कार्य महीनों से कछुआ चाल से किया जाने के साथ ही भयंकर अनियमितताओं के बीच चल रहा है जिससे बारिश के मौसम में उक्त मार्ग से पैदल आवागमन भी जान जोखिम में डालकर करना पड़ रहा है।
उक्त मार्ग दीनदयाल नगर, प्राथमिक विद्यालय, आंगनवाड़ी केन्द्र, श्री भुनेश्वर महादेव मंदिर, बायपास रोड एवं मुक्तिधाम मुख्य पहुंच मार्ग है लेकिन पुलिया निर्माण कार्य अधुरा होने के कारण मार्ग अवरूद्ध हो गया हैं ठेकेदार की लापरवाही और जवाबदारों की उदासीनता के चलते उपयुक्त वैकल्पिक मार्ग भी नहीं बनाया गया है।
नाले के पास अतिक्रमण ने रोका वैकल्पिक मार्ग-
अतिक्रमण कर्ताओं के आगे नगर परिषद नतमस्तक लग रही है, अतिक्रमणकर्ताओं, बगैर अनुमति के भवन निर्माणकर्ता एवं अनुमति के विपरित भवन निर्माणकर्ता को नगर परिषद नोटिस जारी तो पताशे की तरह करती है लेकिन उसको ना संबंधित व्यक्ति गंभीरतापूर्वक लेते हैं और नाही नगर परिषद के जवाबदार, और कभी अधिकारी आधे अधूरे मन से कार्रवाई का मन बना भी लें तो इतनी छोटी सी बात के लिए माननीय या माननीय के सुपुत्र का फोन आ जाता है तो “सारा मामला रफा-दफा” एक यह भी कारण हैं की नगर में दिनों दिन व्यवस्थाएं बिगड़ती जा रही है।
लेकिन जवाबदार जनप्रतिनिधि अपनी मस्ती में मस्त, अधिकारी बैठकों में व्यस्त और नागरिक रोड़ पर त्रस्त है।
जवाबदारों के प्रति नागरिकों में पनप रहा भारी आक्रोश-
पुलिया निर्माण में अत्यंत धीमी गति से कार्य करने के साथ ही भयंकर अनियमितताएं की गई है, लेकिन नगर परिषद में आराम दायक कुर्सी पर सफेद तोलिया डाल कर बैठे जवाबदारों ने इस और अभी तक कोई कार्रवाई नहीं करते हुए उक्त ठेकेदार को मनमानी करने की मौन स्वीकृति दी हुई इंगित होता है।
उक्त मार्ग पर सैकड़ों नागरिक आवागमन करते हैं लेकिन पुलिया निर्माण अधुरा होने के कारण लोगों को एक से डेढ़ किमी तक की दूरी घुम कर तय कर पहुंचना पड़ता है जिसको लेकर नगर परिषद और संबंधित ठेकेदार के प्रति लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। एक दो दिन से क्षेत्र में अच्छी बारिश होने से लोग बोवनी और अन्य कार्य में व्यस्त हैं लेकिन दो तीन दिन में जवाबदारों ने इस और ध्यान नहीं दिया तो इस मामले में लोगों की प्रतिक्रिया को देखते हुए नगर परिषद के जवाबदारों को नागरिकों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ सकता है।