Ratlam:जिले के सात नगरीय निकायों में 23करोड़ 82लाख रुपए से अधिक लागत से लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट कार्य किए जाएंगे
Last Updated: जून 24, 2024 " 06:22 अपराह्न"
बैठक में डीपीआर अनुमोदित की गई
रतलाम। स्वच्छ भारत मिशन शहरी के अंतर्गत जिले के 7 नगरीय निकायों में 23 करोड़ 82 लाख 19 हजार रुपए लागत के लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट कार्य किए जाएंगे। सोमवार को विधायक रतलाम ग्रामीण मथुरालाल डामर तथा कलेक्टर राजेश बाथम की उपस्थिति में आयोजित जिला समीक्षा तथा निगरानी समिति की बैठक में कार्यों की डीपीआर अनुमोदित की गई, इनमें जिले के आलोट, ताल, बडावदा, पिपलोदा, नामली, सैलाना तथा धामनोद नगरीय निकाय सम्मिलित हैं।
बैठक में नगर परिषद बड़ावदा की अध्यक्ष श्रीमती कल्पना कुमावत, नगर परिषद नामली की अध्यक्ष श्रीमती अनीता परिहार, नगर परिषद ताल के अध्यक्ष मुकेश परमार, नगर परिषद धामनोद की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा डिंडोर, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर आर.एस. मंडलोई, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण अरुण पाठक तथा जिले की नगर पालिकाओं के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि जिले की नगर परिषद आलोट में 6 करोड़ 55 लाख 11 हजार रुपए लागत के लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट कार्य किए जाएंगे। इसी प्रकार ताल में 4 करोड़ 23 लाख 99 हजार रुपए लागत के, बडावदा में 2 करोड़ 41 लाख 41 हजार रुपए लागत के, पिपलोदा में 2 करोड़ 32 लाख 65 हजार रुपए लागत के, नामली में 2 करोड़ 68 लाख 98 हजार रुपए लागत के, सैलाना में 3 करोड़ 24 लाख रुपए लागत के तथा धामनोद में 2 करोड़ 36 लाख रुपए लागत के कार्य किए जाएंगे। नगर परिषद आलोट द्वारा लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट कार्यों की तैयार कराई गई डीपीआर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के पर तैयार कराई गई है।
बैठक में आलोट नगर पालिका अधिकारी दिलीप श्रीवास्तव, ताल नगर पालिका अधिकारी राजा यादव, बडावदा नगर पालिका अधिकारी रामचंद्र सिंदल, पिपलोदा नगर पालिका अधिकारी अनवर गोरी, सैलाना नगर पालिका अधिकारी अनिल जोशी, धामनोद नगर पालिका अधिकारी जगदीश भैरवे उपस्थित थे।