रतलाम के देव दुर्लभ कार्यकर्ताओं ने राजनीति को सेवा का पर्याय बनाया – एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप

  
Last Updated:  अक्टूबर 19, 2025 " 06:58 अपराह्न"

आमजन को आयुष्मान आदि योजनाओं का लाभ दिलाने का आव्हान

Ratlam: भारतीय जनता पार्टी का आज जो आधार है, वह बूथ से है। बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओ के दम से ही खड़ी है। रतलाम के देव दुर्लभ कार्यकर्ता कभी अपने काम के लिए नहीं आते, अपितु हमेशा आमजन की बात लेकर आते हैं। कार्यकर्ताओ ने राजनीति को सेवा का पर्याय बनाया है, जिससे रतलाम को देश में अलग ही स्थान मिला है।

Ad

यह बात प्रदेश के सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने भाजपा कार्यकर्ताओं के दीप मिलन समारोह में कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने बूथ में हर घर को चिन्हित करने और पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने यह जो कार्ड दिया है, वह बहुत पुण्य का कार्य है। बीमारी से आदमी ही नहीं टूटता है, अपितु उसका रोजगार भी जाता है, खर्च भी लगता है और परिवार भी परेशान होता है। कार्यकर्ता यदि किसी का कार्ड बनवाएंगे, तो वह जीवन भर याद रखेगा।

Ad

मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि कार्यकर्ता के बल पर ही नेता बनते है। संयोग से प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के रूप में कार्यकर्ता भाव के सह हृदय मुख्यमंत्री मिले हैं, जो प्रधानमंत्री जी की कल्पनाओं के अनुसार विकसित भारत 2047 को जमीन पर उतारने का प्रयास कर रहे हैं। विकसित भारत प्रधानमंत्री जी, मुख्यमंत्री जी या मेरा नहीं बल्कि युवाओं का होगा। विकास के सारे कार्य युवा पीढ़ी के लिए हो रहे हैं। इनसे विकसित रतलाम का सपना भी जल्द पूरा होगा। कार्यकर्ता जिले की पांचों विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखेंगे, तो भाजपा को सफलता अवश्य मिलेगी।

सांसद अनीता चौहान ने आत्म निर्भर भारत के लिए स्वदेशी अपनाने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का सपना है कि भारत विकसित बने, उसके लिए सभी स्वदेशी को महत्व देना होगा। इससे ही भारत आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रतलाम में कार्यकर्ताओं की सक्रियता पार्टी की सबसे बडी पूंजी है।

जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ हर काम कर रहे हैं और संगठन के हर कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। आज नेता जिस स्थान पर हैं, वह कार्यकर्ताओं की बदौलत हैं। ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर ने ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए मंत्री श्री काश्यप से सहयोग की अपील की। महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ताओं का दीपावली मिलन समारोह खास है। वे आज जो कुछ भी हैं, वह कार्यकर्ताओं की वजह से हैं। निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने कहा कि लगातार शहर की दशा और दिशा बदलने का कार्य किया जा रहा है। इससे जल्द ही नगर महानगर बनेगा। समारोह को मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, मयूर पुरोहित, आदित्य डागा, सोना शर्मा, नंदकिशोर पंवार ने भी संबोधित किया। संचालन जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा ने किया। आभार जिला महामंत्री जयवंत कोठारी ने माना।

 441 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *