गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन संबंधी दिशा-निर्देश जारी

  
Last Updated:  जनवरी 22, 2026 " 08:00 अपराह्न"

गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन संबंधी दिशा-निर्देश जारी

प्रतिवर्ष अनुसार गरिमामय मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस

भोपाल । (स्पष्ट खबर)। राजधानी भोपाल में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस (Republic Day) का मुख्य समारोह का आयोजन लाल परेड ग्राउंड भोपाल (laal pared graund bhopaal) में प्रातः 9 बजे आयोजित किया जायेगा। समारोह में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल (Shri Mangubhai Patel ) मुख्य अतिथि के रूप में परेड की सलामी लेगें तथा उपस्थित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही प्रति वर्ष की भांति राष्ट्रीय ध्वज राज्य के सभी शासकीय भवनों एवं महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थानों पर फहराया जायेगा।

गणतंत्र दिवस को परेड का आयोजन पिछले वर्ष की भांति किया जायेगा, जिसमें पुलिस, होमगार्ड, विशेष सशस्त्र बल, जेल वार्डन, सी.आई.एस.एफ., आर.ए.एफ. एन.सी.सी, एन.एस.एस. छात्रों की टुकड़ियां, स्काउट एवं गाईड तथा शौर्यदल, पुलिस बैण्ड दल शामिल होंगे।

इसके बाद झांकियां निकाली जायेंगी।गणतंत्र दिवस समारोह स्थल पर आकर्षक/उच्च गुणवत्ता के गुब्बारे भी उड़ाए जाएंगे।

जिला मुख्यालयों पर होंगे अनेक आयोजन

जिला मुख्यालयों पर गत वर्षानुसार मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाकर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया जाएगा तथा परेड, झांकियां सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं गणतंत्र दिवस दौड़ इत्यादि का आयोजन किया जायेगा। गणतंत्र दिवस पर प्रत्येक जिले में पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्र-गान की धुन बजाई जायेगी। जिन जिलों में पुलिस बैंड उपलब्ध नहीं है वे अन्य जिलों से या एस.ए.एफ. से लेकर प्रस्तुति दिया जाना सुनिश्चित करेंगे। अन्य जिलों से या एस.ए.एफ. से पूर्ति न होने पर गैर सरकारी बैंड की व्यवस्था की जायेगी। परेड जिला मुख्यालयों के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर नहीं होगी।

उत्कृष्ट कार्य पर सम्मानित किया जायेगा

गतवर्ष अनुसार झांकियां निकाली जायेगी।झांकियों, परेड दल एवं स्कूली छात्रों के पुरस्कार तथा जिलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों/ संस्थाओं / शासकीय कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर निर्धारित प्रक्रिया का पालन पूर्ण करते हुए सम्मानित किया जायेगा।

स्कूलों एवं कॉलेज में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

समस्त शिक्षण संस्थाओं में (स्कूल/कॉलेज/विश्वविद्यालयों) कार्यालय प्रमुख द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्र गान गाया जायेगा। स्कूल/कॉलेज/विश्वविद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।

पंचायतों और नगरीय निकायों में ध्वजारोहण

जनपद पंचायत मुख्यालय में अध्यक्ष, जनपद पंचायत द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्रगान गाया जायेगा।ऐसी नगर पालिका/नगर परिषद, जिनका मुख्यालय ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें अध्यक्ष, नगर पालिका/ नगर परिषद द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्र-गान गाया जायेगा।ग्राम पंचायत मुख्यालय में सरपंच द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए तथा कार्यक्रम में राष्ट्र-गान गाया जायेगा। ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के लिये प्रत्येक स्तर पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यंक्रम स्थल पर व्यवस्था

कार्यक्रम स्थल पर लोगों की संख्या अनुसार नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, पीने का पानी, उपचार के लिए प्राथमिक चिकित्सा, एम्बुलेन्स व फायर ब्रिगेड एवं अन्य व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगी।

समारोह स्थल पर संसद सदस्यों/ विधायकों / महापौर / पार्षदों / गणमान्य नागरिकों सैनिक व असैनिक अधिकारी / भूतपूर्व सैनिकों/ स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों/लोकतंत्र सेनानियों के बैठने के लिए समुचित एवं पर्याप्त व्यवस्था की जायेगी।ऐसे स्वतंत्रता संग्राम सैनानी जो वयोवृद्ध हैं अथवा अस्वस्थ हैं, उन्हें उनके घर पर जाकर सम्मानित किया जायेगा।

 391 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *