रतलाम/ आलोट में सोयाबीन बीज अंकुरण फेल, कलेक्टर ने बनाई 5 सदस्यीय जांच टीम, 3 दिन में मांगी रिपोर्ट
Last Updated: जून 30, 2026 " 02:21 अपराह्न"
Ratlam:आलोट में सोयाबीन बीज अंकुरण फेल, कलेक्टर ने बनाई 5 सदस्यीय जांच टीम, 3 दिन में मांगी रिपोर्ट
रतलाम (स्पष्ट खबर)। रतलाम जिले की ताल आलोट तहसील में किसानों को दिए गए सोयाबीन बीज के अंकुरित न होने की शिकायत पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कार्यालय (कृषि) ने मामले की जांच के लिए तत्काल 5 सदस्यीय जांच दल का गठन किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री गणेश बीज उत्पादक सहकारी संस्था मर्यादित ताल आलोट द्वारा प्रदाय किए गए सोयाबीन बीज के अंकुरण न होने की शिकायतें किसानों से मिली थीं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने आदेश क्रमांक टी-1/शिका.बीज/जांच/2026-27/2592 जारी कर जांच दल गठित किया।
जांच दल में ये शामिल: 1 दल प्रभारी: श्री विवेक सोनकर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आलोट 2 वैज्ञानिक: डॉ. सी.आर. कांटवा, विषय वस्तु विशेषज्ञ, कृषि विज्ञान केन्द्र कालूखेड़ा 3 सदस्य: श्री एस.एस. राठौर, अनुविभागीय अधिकारी कृषि, जावरा 4 सदस्य: श्री नितेश सागित्रा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, आलोट 5 सहायक: श्री रामचन्द्र निनामा, कृषि विस्तार अधिकारी, आलोट
जांच दल को बीज की गुणवत्ता एवं अंकुरण क्षमता की जांच कर तीन दिवस के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश की प्रतिलिपि उप संचालक किसान कल्याण, कृषि विज्ञान केन्द्र कालूखेड़ा एवं संबंधित विभागों को सूचनार्थ भेजी गई है। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, दोषी पाए जाने पर संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।