रतलाम/धामनोद में कंपोजिट शराब दुकान पर खुली लूट, बाहर ‘भाव में भारी कमी’ का झांसा, अंदर हर बोतल पर 10 से 30 रु तक अधिक दाम… वीडियो
Last Updated: अगस्त 13, 2026 " 06:42 अपराह्न"
Ratlam:धामनोद में कंपोजिट शराब दुकान पर खुली लूट, बाहर ‘भाव में भारी कमी’ का झांसा, अंदर हर बोतल पर 10 से 30 रु तक ओवर रेट
Ad
स्टिंग वीडियो में कैद हुई मनमानी, दो बार कार्रवाई के बाद भी आबकारी विभाग बे-असर
रतलाम (स्पष्ट खबर)। धामनोद नगर में संचालित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान इन दिनों सुर्खियों में है। दुकान संचालक द्वारा नियमों को ताक पर रखकर ग्राहकों से खुलेआम अधिक दाम वसूले जा रहे हैं और दुकान परिसर में ही शराब पिलाई जा रही है। दुकान संचालक शासन के नियमों को खुलेआम रौंद रहा है और आबकारी विभाग आंख मूंदे बैठा है।
Ad
ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकान के बाहर बड़े-बड़े अक्षरों में “भाव में भारी कमी” का बोर्ड टांग दिया गया है, जबकि हकीकत में अंदर ग्राहकों की जेब काटी जा रही है। हर बोतल और पिंट पर निर्धारित शासकीय मूल्य से 10 से 30 रुपये तक अधिक वसूले जा रहे हैं।
काउंटर पर कैद हुई वसूली – हमारी सहयोगी टीम ने जब ग्राहक बनकर स्टिंग किया तो पूरी मनमानी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में दुकान के अंदर दो सेल्समैन काउंटर पर बैठे दिख रहे हैं। पीछे रैक में अंग्रेजी शराब सजी है और सामने डीप फ्रीजर के काउंटर पर ग्राहक से तय दाम से ज्यादा पैसे की मांग की जा रही है। 90 एम एल के एक ब्रांड की बोतल पर न्यूनतम 96 और अधिकतम 111 रुपए अंकित थे, लेकिन वसूलें गये 120 रुपए । इसी प्रकार दो तीन अलग-अलग बार मूल्य से अधिक दाम वसूल किया गया। यह वीडियो इस लूट का पुख्ता सबूत है।
नियमों को ताक पर रखकर अहाता – सबसे गंभीर मामला दुकान परिसर में ही शराब पिलाने का है। परिसर में शराब पिलाना पूरी तरह अवैध है, इसके बावजूद संचालक ने दुकान के बाहर लगे नीले टीन शेड के नीचे ही अवैध अहाता खोल रखा है। रात में ली गई तस्वीर में 3 लोग जमीन पर बैठकर खुलेआम शराब पीते साफ दिख रहे हैं।
रोज बनती है विवाद की स्थिति – मूल्य से अधिक दाम वसूलने को लेकर अक्सर सेल्समैन और ग्राहकों के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति बन जाती है। कई बार मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगड़ने का खतरा बना रहता है।
Ad
दो बार कार्रवाई, फिर भी हौसले बुलंद – यह पहला मामला नहीं है। सूत्र बताते हैं कि इसी दुकान पर ओवर रेटिंग को लेकर आबकारी विभाग पहले ही दो बार कार्रवाई कर प्रकरण बना चुका है, लेकिन मिलीभगत के चलते संचालक पर कोई असर नहीं हुआ। रोजाना सैकड़ों ग्राहकों से हजारों की अवैध वसूली जारी है।
इस संबंध में आबकारी उपनिरीक्षक वंदना अग्रवाल का कहना है, “उक्त दुकान पर पूर्व में भी दो बार कार्रवाई की गई, प्रकरण बनाया है। अगर ऐसा है तो आप वीडियो भेज दीजिए, दिखवाकर कार्रवाई की जाएगी।”