रतलाम/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना के नवीन भवन का निर्माण कार्य एक सप्ताह में शुरू करें : कलेक्टर श्री कटेसरिया

  
Last Updated:  सितम्बर 5, 2026 " 10:12 पूर्वाह्न"

Ratlam: पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन में आसपास के बड़े स्कूलों का करें संचालन, बनाए मिनी सांदीपनि विद्यालय

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सैलाना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सांदीपनि विद्यालय भवन का निरीक्षण किया

रतलाम (स्पष्ट खबर)। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सैलाना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं नवीन भवन निर्माण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मरीजों एवं आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना के नवीन भवन के लिए वर्ष 2024 में लगभग 10 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, लेकिन विभिन्न स्तरों पर आवश्यक निर्णय एवं क्लीयरेंस नहीं होने के कारण अभी तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि आवश्यक सभी क्लीयरेंस इसी सप्ताह पूर्ण कराए जाएं, ताकि एक सप्ताह के भीतर नवीन अस्पताल भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पुराने भवन को डिस्मेंटल करने की कार्रवाई तत्काल की जाए तथा इसी माह नवीन भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाए। नवीन भवन का निर्माण पीआईयू द्वारा लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना में प्रतिदिन लगभग 300 से 400 मरीजों की ओपीडी रहती है। वर्तमान में मरीजों का उपचार पुराने एवं जर्जर भवन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए नवीन भवन निर्माण कार्य तुरंत प्रारंभ किया जाए।

सितंबर माह से शुरू होगी अल्ट्रासाउंड की सुविधा

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना में अल्ट्रासाउंड सुविधा प्रारंभ करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि अभी तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। अब रेडक्रॉस के माध्यम से अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सितंबर माह में ही अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन प्रारंभ कर दिया जाए, ताकि क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़े।

पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करें : कलेक्टर

इसके पश्चात कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सैलाना स्थित पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भवन के बेहतर उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय आगामी दो से तीन माह में प्रारंभ होने की संभावना है। ऐसे में पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन का भी सदुपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सैलाना के आसपास ऐसे शासकीय विद्यालय, जहां विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, उनकी कक्षाएं पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन में संचालित करने की संभावना का परीक्षण किया जाए।

दो विद्यालय मिलकर बना सकते हैं मिनी सांदीपनि विद्यालय

कलेक्टर ने कहा कि आसपास के एक या दो विद्यालयों को पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन में स्थानांतरित कर वहां कक्षाएं संचालित की जा सकती हैं। आवश्यकता अनुसार दो विद्यालयों को एक साथ संचालित कर मिनी सांदीपनि विद्यालय के रूप में विकसित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि भवन बड़ा है, पर्याप्त स्थान एवं ग्राउंड उपलब्ध है तथा जनपद पंचायत भवन के समीप होने के कारण यह स्थान विद्यालय संचालन के लिए उपयुक्त है। यदि भवन का उपयोग नहीं किया गया तो इसके असामाजिक तत्वों का अड्डा बनने की आशंका रहेगी। इसलिए भवन का उपयोग विद्यार्थियों की शिक्षा एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाना आवश्यक है।

कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि आसपास के विद्यालयों, जिनमें विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, का चिन्हांकन कर पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन में कक्षाएं संचालित करने की कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने भीलों की खेड़ी सहित आसपास के अन्य विद्यालयों को भी इस व्यवस्था में शामिल करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।

 32 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *