स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी किया संन्यास का ऐलान
Last Updated: जून 30, 2024 " 06:11 अपराह्न"
नई दिल्ली। टीम इंडिया के t20 वर्ल्ड चैंपियन बनने के एक दिन बाद स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (Ravindra jadeja) ने भी T20 इंटरनेशनल से संन्यास का ऐलान कर दिया। कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने शनिवार को भारत के दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद संन्यास का ऐलान कर दिया था।
रविंद्र जडेजा ने इंस्टाग्राम पोस्ट करके संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने कहा, ” मैं दिल से कृतज्ञता के साथ टी20 इंटरनेशनल को अलविदा कहता हूं। गर्व से सरपट दौड़ने वाले एक दृढ़ घोड़े की तरह, मैंने हमेशा अपने देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है और अन्य प्रारूपों में भी ऐसा करना जारी रखूंगा। टी20 विश्व कप जीतना एक सपना सच होने जैसा था। यह मेरे टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का शिखर था। यादों, उत्साह और अटूट समर्थन के लिए धन्यवाद। जय हिंद।”
भारत के लिए 74 टी20 इंटरनेशनल खेले
35 साल के जडेजा ने भारत के लिए 74 टी20 इंटरनेशनल खेले। 515 रन बनाए और 54 विकेट लिए। एमएस धोनी की कप्तानी में टीम में जगह बनाने के बाद से इस स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडर ने लंबा सफर तय किया है, लेकिन हाल ही में संपन्न टी20 वर्ल्ड कप 2024 में वह कुछ खास नहीं कर पाए। फरवरी 2009 में श्रीलंका के खिलाफ पदार्पण करने के बाद से, उन्होंने अब तक खेले गए 74 मैचों में कुल 515 रन बनाए हैं। सबसे छोटे प्रारूप में 54 विकेट लिए हैं।
जडेजा का बल्ले से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ आया, जहां उन्होंने 29 गेंदों पर 46 रन बनाए। भारतीय टीम यह मैच 49 रनों से जीती। गेंद के साथ उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 2021 टी20 विश्व कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ था, जहां उन्होंने दुबई में 15 रन देकर 3 विकेट लिए। वह छह टी20 विश्व कप खेले।