रतलाम/नशे से दूरी–है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत सकरावदा में जागरूकता रैली व नुक्कड़ नाटक, युवाओं से नशा छोड़ने का आह्वान
Last Updated: जुलाई 28, 2026 " 06:15 अपराह्न"
सुनील सिंह परिहार, रतलाम/सैलाना,(स्पष्ट खबर)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी–है जरूरी 2.0’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को सकरावदा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। हाथों में ‘नशे को ना कहें’, ‘नशा छोड़ो जीवन जोड़ो’ के बैनर और तख्तियां लेकर निकली रैली ने पूरे गांव में नशे के खिलाफ संदेश फैलाया। इसके बाद विद्यालय प्रांगण में छात्रों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान को प्रभावी ढंग से दर्शाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल और सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश उपस्थित रहीं। दोनों अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर नशे के दुष्परिणामों पर अपने विचार साझा किए।
एसडीओपी नीलम बघेल ने कहा कि युवा किसी भी समाज और राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ेगी तो समाज और देश दोनों मजबूत होंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आसपास हो रही नशे और अवैध कारोबार की गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि इस बुराई को जड़ से खत्म किया जा सके।
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने भी युवाओं को नशे की लत से बचने और अपने करियर पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है।
कार्यक्रम में संस्था प्राचार्य रामचंद्र डोडियार ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यालय की ओर से इस अभियान में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच वागजी खराड़ी, एसआई शंकर सिंह शक्तावत, पप्पू वाघेला, दिनेश डिंडोर, प्रधान आरक्षक पप्पू चौहान, तूफान सिंह भूरिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर एसडीओपी, थाना प्रभारी और उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।