मुख्यमंत्री ने टीकाकरण और नि:शुल्क राशन वितरण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का माना आभार-
Last Updated: जून 8, 2021 " 04:42 अपराह्न"
मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया संबोधित
भोपाल|प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत सरकार द्वारा कोविड टीकाकरण कराने और गरीबों को दीपावली तक नि:शुल्क राशन वितरण का निर्णय लेने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार माना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय है। इससे प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में टीकाकरण अभियान में एकरूपता और गति आएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान मंत्रालय में केबिनेट की बैठक के पहले मंत्रि-परिषद के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। बैठक वंदे-मातरम के गान के साथ आरंभ हुई।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के निर्णय अनुसार 18 से 44 वर्ष आयु समूह का केन्द्र सरकार की ओर से नि:शुल्क टीकाकरण होगा। साथ ही सम्पूर्ण टीकाकरण अभियान का संचालन भारत सरकार द्वारा किया जाएगा। राज्यों को उनकी जनसंख्या और आवश्यकता के अनुपात में उपलब्धता के आधार पर वैक्सीन मिलती रहेंगी। इससे टीकाकरण का अभियान व्यवस्थित रूप से चलेगा और कार्य में गति भी आएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का इसके लिए भी अभिनंदन है कि अब तक किसी भी नई बीमारी की वैक्सीन बनती थी तो वह देश में बनना तो दूर देश में उपलब्ध ही नहीं होती थी, परंतु प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में हमारे वैज्ञानिकों के सतत प्रयासों से स्वदेशी वैक्सीन भारत को प्राप्त हुई।